Search

जमीन का गोरखधंधा करने वाले विक्की जायसवाल पर दर्ज हैं आधा दर्जन केस, जमीन कब्जाने के लिए रखता है महिला बाउंसरों की टीम

Vinit Abha Upadhyay Ranchi :  धोखाधड़ी व फर्जी दस्तावेज पर जमीन की खरीद-बिक्री करने का आरोपी विक्की जायसवाल उर्फ ऋषि रंजन जिला प्रशासन की रडार पर है. विक्की जायसवाल फिलहाल राजधानी रांची के कांके थाना क्षेत्र में सक्रिय है. सूत्र बताते हैं कि विक्की जमीन के गोरखधंधे में लाखों-करोड़ों की कमाई कर पुलिस को मैनेज रखता है, ताकि उसके खिलाफ दर्ज मामलों में कोई कार्रवाई न हो. इस कमाई का कुछ हिस्सा वह पुलिसवालों को भी पहुंचाता है, तभी तो पुलिस सबकुछ जानते हुए भी अनजान बनी रहती है. विक्की के कारनामों का मामला संज्ञान में आने के बाद जिला प्रशासन ने उसके खिलाफ सख्ती बरतने का निर्णय लिया है. प्रशासन अब उसे जिला बदर करने की तैयारी में जुटा है. विक्की जायसवाल उर्फ ऋषि रंजन पिछले कुछ वर्षों में तेजी से जमीन के धंधे में शामिल रहा है. उस पर जमीन कब्जा करने, धोखाधड़ी कर गलत दस्तावेज तैयार कर जमीन की खरीद-बिक्री करने के गंभीर आरोप हैं. उसके खिलाफ सिर्फ कांके थाना में पांच प्राथमिकी दर्ज हो चुकी हैं. इसके अलावा रांची के लोअर बाजार थाना में भी विक्की जायसवाल के खिलाफ चेक बाउंस का केस दर्ज है.

जमीन पर कब्जा जमाने के लिए रखता है महिला बाउंसर की टीम

जमीन के गोरखधंधे का आरोपी विक्की जायसवाल को न तो पुलिस का डर है और न ही जिला प्रशासन का. वह हमेशा चार-पांच बाउंसर लेकर घूमता है. उसकी ठगी के शिकार किसी ने भी आवाज उठायी, तो उसे हड़काकर मुंह बंद कराने के लिए बाउंसर का इस्तेमाल करता है. फर्जी दस्तावेज के सहारे वह जिस जमीन को बेचता है, उस पर कब्जा दिलाने के लिए उसने एक अलग टीम बना रखी है. जमीन पर कब्जा करने के लिए वह महिलाओं का सहारा लेता है. बजाप्ता उसने जमीन कब्जा करनेवाले ग्रुप में महिला और युवतियों की टीम बना रखी है, जिन्हें आगेकर विक्की जमीन के सारे गोरखधंधे करता है. जमीन पर कब्जा दिलाने वाली महिला बाउंसर ग्रुप की अगुवाई सीमा तिर्की करती है. उसका भी आतंक है, इसलिए जिला प्रशासन ने उसे भी जिला बदर करने का प्रस्ताव तैयार किया है.

गैरमजरुआ और रैयतों की जमीन के फर्जी दस्तावेज का भी करता है खेल

काफी कम समय में ही विक्की जायसवाल ने जमीन के कारोबार में अलग पहचान बना ली है. पुलिस-प्रशासन की मानें तो दबंगई ऐसी की डर से कोई मुंह भी नहीं खोल पाता है. जो ठगी का शिकार होकर लाखों रुपये गंवा बैठता है, वह चाहकर भी न तो विक्की से अपने पैसे वापस ले पाता है और ना ही जमीन. केस दर्ज कराने के बावजूद पुलिस उसे गिरफ्तार करने की बजाये पीड़ित से ही तरह-तरह के सवाल पूछती है. नतीजतन पीड़ित भी चुप्पी साधे रखने में ही अपनी भलाई समझते हैं.

विक्की जायसवाल के खिलाफ दर्ज मुकदमों की सूची

विक्की जायसवाल के खिलाफ कांके थाना में कांड संख्या 176/2023, 324/2022, 298/2022 , 235/2022 और 77/2028 दर्ज है. इसके अलावा रांची सिविल कोर्ट में साल 2019 में उसके खिलाफ कंप्लेन केस भी दर्ज हो चुका है. जानकारी के मुताबिक, विक्की ने पिछले कुछ समय में कांके के नगड़ी, चामा और बुकरू मौजा में करीब 100 एकड़ आदिवासी खतियान की जमीन की भी खरीद-बिक्री की है. [wpse_comments_template]

Comments

Leave a Comment

Follow us on WhatsApp