Ranchi: खूंटी के कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय की दस छात्राओं ने जेईई मेंस क्वालिफाई की है. बता दें कि खूंटी डीसी शशि रंजन की पहल पर शुरू किये गए सपनों की उड़ान कार्यक्रम का यह सफल परिणाम है. यह 10 छात्राएं उपलब्धि हासिल कर अन्य छात्राओं के लिए भी उदाहरण बनी हैं. शैक्षणिक सत्र 2021-23 में द्वितीय फेज में इंजीनियरिंग के लिए 18 एवं मेडिकल लिए 39 कुल 57 छात्राएं नामांकित हुई थीं, जिसमें इंजीनियरिंग की 10 छात्राओं ने जेईई मेंस की परीक्षा में अच्छा प्रदर्शन किया है.
उनके नाम इस प्रकार है : एलिसा हस्सा, सोहनी बाखला, एजेंल सियोन तोपनो, मेरी कंडुलना, सरस्वती कुमारी, सुचिता सुरीन, पुष्पा कंडुलना, संतोषी कुमारी, श्रुति कुमारी एवं निशा कुमारी. खूंटी जिला प्रशासन द्वारा अब इन छात्राओं को कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, कालामाटी में जेईई एडवांस की परीक्षा की तैयारी कराई जायेगी. पास हुई छात्राओं ने इस दौरान अपने अनुभव भी साझा किये, उन्होंने कहा कि किस प्रकार सपनों की उड़ान अभियान से जुड़कर डीसी के निरंतर सहयोग और इस पहल से उन्होंने अपने उज्ज्वल भविष्य का सपना देखा. छात्रा निशा कुमारी ने कहा कि उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि ये सपना पूरा होगा, उनके घर से वो पहली इंजीनियर बनेगी. छात्राओं ने कहा कि सपनों की उड़ान कार्यक्रम से जुड़कर ये पता चला कि तैयारी किस प्रकार करनी है. कहा कि सपने देखना जरूरी है, तभी सपनों को पूरा करने की राह भी मिलेगी.
जानें कैसे हुई सपनों की उड़ान’ कार्यक्रम की शुरुआत
खूंटी जिले के भौगोलिक परिवेश को देखते हुए सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों में निवास करने वाली, आर्थिक रूप से पिछड़ी, अनाथ एवं एकल अभिभावक छात्राओं की शिक्षा में अपेक्षित प्रगति एवं बालिकाओं को हर क्षेत्र में आगे बढ़ाने के उद्देश्य से डीसी द्वारा आकांक्षी जिला कार्यक्रम के अंतर्गत ‘सपनों की उड़ान’ कार्यक्रम की शुरुआत की गई थी. डीसी द्वारा निरंतर स्वयं बालिकाओं से मिलकर उनके बेहतर भविष्य के लिए उन्हें शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिये प्रेरित किया गया, जिसका सकारात्मक परिणाम अब दिखने लगा है. जिला प्रशासन के सहयोग से कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय के कक्षा 12वीं के विज्ञान संकाय में नामांकित छात्राओं के लिये मेडिकल एवं इंजीनियरिंग संस्थानों में नामांकन की तैयारी के लिए निःशुल्क कोचिंग की व्यवस्था की गई है. इसके तहत प्रतिष्ठित कोचिंग संस्थान करियर प्वाइंट, कोटा, राजस्थान के रांची शाखा के माध्यम से छात्राओं को कोचिंग कराई जा रही है.
इसे भी पढ़ें : सेना">https://lagatar.in/the-bullet-came-out-tearing-the-skull-of-the-army-man-the-operation-lasted-for-five-hours/">सेना
के जवान की खोपड़ी को चीरते हुए गोली बाहर निकली, पांच घंटे चला ऑपरेशन [wpse_comments_template]
Leave a Comment