Search

 
 
 

हाथरस : राहुल गांधी सामूहिक बलात्कार पीड़िता के परिवार से मिले... भाजपा ने कहा, सुर्खियां बटोरने गये

 
NewDelhi : राहुल गांधी आज गुरुवार को हाथरस सामूहिक बलात्कार पीड़िता के परिवार से मिले. बता दें कि उस परिवार की युवती के साथ 14 सितंबर, 2020 को कथित तौर पर सामूहिक बलात्कार किया गया था. उसे इलाज के लिए अलीगढ़ और फिर बाद में दिल्ली ले जाया गया, लेकिन 29 सितंबर उसकी मौत हो गयी थी. 30 अक्टूबर को उसका अंतिम संस्कार कर दिया गया था. उसके परिवार का आरोप था कि स्थानीय पुलिस ने उन्हें रात के अंधेरे में अंतिम संस्कार करने के लिए विवश किया था.

कांग्रेस सांसद  पूर्वाह्न लगभग 11.15 बजे हाथरस के बूल गढ़ी गांव पहुंचे

कांग्रेस सांसद आज पूर्वाह्न लगभग 11.15 बजे हाथरस के बूल गढ़ी गांव पहुंचे. यूपी पुलिस ने राहुल के दौरे को लेकरगांव और उसके आसपास सुरक्षाकर्मियों को तैनात कर दिया था. खबर है कि राहुल गांधी ने गांव में पीड़िता के घर पर परिवार के साथ 35 मिनट तक बातचीत की. हालांकि राहुल वहां पत्रकारों से बात किये बिना ही गांव से चले गये. इससे पूर्व कांग्रेस की उत्तर प्रदेश इकाई के प्रमुख अजय राय ने लखनऊ में बताया था कि राहुल गांधी हाथरस के बूल गढ़ी में पीड़ित परिवार से मिलेंगे.

पूरा परिवार आज भी डर के साये में जी रहा है

राहुल गांधी  ने  कहा, आज हाथरस जाकर 4 साल पहले हुई शर्मनाक और दुर्भाग्यपूर्ण घटना के पीड़ित परिवार से मिला.  मुलाकात के दौरान उन्होंने जो बातें बताई उसने मुझे झकझोर कर रख दिया.  पूरा परिवार आज भी डर के साये  में जी रहा है.  उनके साथ क्रिमिनल्स के जैसा व्यवहार किया जा रहा है.  वे स्वतंत्र रूप से कहीं आ-जा नहीं सकते हैं.  उन्हें हर समय बंदूक और कैमरों की निगरानी में रखा जाता है. भाजपा सरकार ने उनसे जो वादे किये थे, वे आज तक पूरे नहीं हुए हैं.  न तो सरकारी नौकरी दी गयी  है और न ही उन्हें किसी दूसरी जगह घर देकर शिफ्ट करने का वादा पूरा किया गया है.

सरकार उन पर तरह-तरह से अत्याचार कर रही है

राहुल गांधी  ने  कहा, पीड़ित परिवार को न्याय देने के बजाय, सरकार उन पर तरह-तरह से अत्याचार कर रही है.  दूसरी तरफ़ आरोपी खुलेआम घूम रहे हैं.  इस परिवार की हताशा और निराशा भाजपा द्वारा दलितों के ऊपर किये जा रहे अत्याचार की सच्चाई को दिखाते हैं.  लेकिन हम इस परिवार को यूं ही इनके हाल पर रहने को मजबूर नहीं होने देंगे.  इन्हें न्याय दिलाने के लिए हम पूरी ताक़त के साथ लड़ेंगे.  

डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने कहा,राहुल गांधी भ्रमित हैं

राहुल गांधी के दौरे को लेकर उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने कहा कि वे भ्रमित हैं, वे मामले से अवगत नहीं हैं, पाठक ने कहा, सीबीआई इस मामले की जांच कर चुकी है. भाजपा के शासन में किसी भी अपराधी को बरी होने की इजाजत नहीं है. ब्रजेश पाठक ने आरोप लगाया, चाहे संभल हो या हाथरस, राहुल गांधी सिर्फ सुर्खियों में रहने के लिए वहां जाते रहते हैं. इससे पहले राहुल गांधी और प्रियंका गांधी ने तीन अक्टूबर, 2020 को पीड़ित परिवार से मुलाकात की थी और कहा था कि वे मृतका को न्याय दिलाने के लिए लड़ेंगे.
Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही