Dhanbad News: धनसार थाना क्षेत्र के ढोकरा हॉल्ट के पास एक युवक का शव बरामद हुआ है. शव की पहचान गोविंदपुर थाना क्षेत्र के सबलपुर निवासी 24 वर्षीय पवन कुमार सेन के रूप में हुई है. दो बच्चों के पिता पवन पेपर वितरण का काम कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे. युवक की मौत से इलाके में सनसनी फैल गई.
इसे भी पढ़ें:
सबलपुर पंचायत के मुखिया नितेश गोप के अनुसार 6 अक्टूबर की शाम करीब पांच बजे पवन कुमार सेन को किसी ने फोन कर बुलाया था. फोन आने के बाद वह घर से निकले लेकिन इसके बाद उनका कोई पता नहीं चला. देर तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की और पुलिस को भी इसकी सूचना दी.
इसी बीच धनसार थाना पुलिस को ढोकरा हॉल्ट के पास एक शव मिलने की जानकारी मिली. पुलिस की सूचना पर परिजन मौके पर पहुंचे जहां शव की पहचान पवन कुमार सेन के रूप में हुई. शव मिलते ही परिवार में मातम पसर गया.
परिजनों ने पवन की मौत के पीछे पैसों के लेनदेन से जुड़े विवाद की आशंका जताई है. उनका आरोप है कि पेपर एजेंट के साथ पैसों के लेनदेन को लेकर पवन को कथित तौर पर गाली-गलौज और धमकी दी जाती थी. परिजनों ने पूरे मामले की गहराई से जांच की मांग की है.
पवन की मौत दुर्घटना, आत्महत्या या किसी अन्य परिस्थिति में हुई यह अभी स्पष्ट नहीं है. पुलिस सभी बिंदुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है. शव को पोस्टमार्टम के लिए शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (SNMMCH) भेजा गया है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत के कारणों को लेकर स्थिति और स्पष्ट होने की उम्मीद है.
परिजनों ने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर मौत की वास्तविक वजह सामने लाने और यदि किसी की संलिप्तता सामने आती है तो उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

