Hazaribagh : सदर विधानसभा सीट से कांग्रेस के पूर्व प्रत्याशी मुन्ना सिंह ने शनिवार को जिला कांग्रेस कार्यालय कृष्ण बल्लभ आश्रम में आयोजित मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान को लेकर आयोजित संगठनात्मक बैठक में हिस्सा लिया. बैठक में झारखंड कांग्रेस के SIR प्रभारी राहुल बल ने संगठन पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को SIR अभियान की जिम्मेदारियों से अवगत कराया और बूथ स्तर तक पार्टी की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया.
बैठक को संबोधित करते हुए राहुल बल ने कहा कि मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण केवल प्रशासनिक प्रक्रिया नहीं, बल्कि लोकतंत्र और संविधान प्रदत्त मताधिकार की रक्षा का महत्वपूर्ण अभियान है. उन्होंने कांग्रेस के BLA-2 एवं कार्यकर्ताओं से अपने-अपने क्षेत्र के BLO के साथ समन्वय स्थापित कर गांव-गांव और घर-घर जाकर मतदाता सूची का सत्यापन करने और लोगों को SIR प्रक्रिया के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया. उन्होंने कहा कि कांग्रेस यह सुनिश्चित करेगी कि कोई भी पात्र मतदाता अपने संवैधानिक अधिकार से वंचित न रहे.

बैठक के उपरांत मुन्ना सिंह ने राहुल बल के साथ हजारीबाग स्थित लक्ष्मी मुस्लिम उच्च विद्यालय एवं सुजैत चौक, वार्ड संख्या-30 में संचालित SIR केंद्रों का निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने मतदाता सूची में नाम जोड़ने, संशोधन एवं सत्यापन के लिए पहुंचे नागरिकों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों और BLO से प्रक्रिया की जानकारी ली. उन्होंने अधिकारियों से SIR प्रक्रिया को पूरी पारदर्शिता, निष्पक्षता और संवेदनशीलता के साथ संचालित करने का आग्रह किया.
निरीक्षण के दौरान मुन्ना सिंह ने कहा कि लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत प्रत्येक नागरिक का मताधिकार है. इसलिए यह सुनिश्चित किया जाना चाहिए कि कोई भी पात्र मतदाता किसी तकनीकी त्रुटि या लापरवाही के कारण मतदाता सूची से बाहर न रह जाए. उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी संविधान, लोकतांत्रिक मूल्यों और नागरिकों के अधिकारों की रक्षा के लिए हमेशा प्रतिबद्ध रही है और SIR अभियान के दौरान भी पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता जनता के बीच रहकर उन्हें आवश्यक सहयोग और जानकारी उपलब्ध कराएगा.
बैठक में संगठन विस्तार, सदस्यता अभियान, बूथ कमेटियों के सुदृढ़ीकरण और आगामी कार्यक्रमों को लेकर भी विस्तार से चर्चा हुई. इस अवसर पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष जय प्रकाश भाई पटेल, जिला वरीय उपाध्यक्ष शारदा रंजन दुबे, नगर अध्यक्ष परवेज अहमद, मीडिया विभाग के अध्यक्ष निसार खान, प्रखंड अध्यक्ष अब्बास अंसारी, अब्दुल मनान वारसी, गौतम कुमार मेहता, नरसिंह प्रजापति, मोहम्मद नौशाद आलम, अजय कुमार यादव, अजित कुमार सिंह, रंजीत यादव, अनिल कुमार भुईंया सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.
Leave a Comment