- हजारीबाग पुलिस और प्रिंस खान गैंग के सदस्यों के बीच गोलीबारी
- एक के पैर में लगी गोली
Hazaribagh : हजारीबाग जिले के बड़कागांव थाना क्षेत्र में गुरुवार को पुलिस और प्रिंस खान गैंग से जुड़े सदस्यों के बीच हुई गोलीबारी में एक अपराधी गोली लगने से घायल हो गया. घायल अपराधी की पहचान सैयद मोहम्मद जीशान के रूप में हुई है. पुलिस के अनुसार, जीशान हजारीबाग का रहने वाला है और पूर्व में एनटीपीसी सहित लातेहार क्षेत्र में ड्राइवर के रूप में काम कर चुका है.
बताते चलें कि दो दिन पूर्व इसी क्षेत्र में कोयला परिवहन में लगी हाईवा गाड़ियों पर फायरिंग की घटना हुई थी, जिसकी जिम्मेदारी प्रिंस खान गैंग ने ली थी. घटना के बाद से हजारीबाग पुलिस लगातार गैंग के सदस्यों की तलाश में छापेमारी और जांच अभियान चला रही थी.

घटनास्थल का जायजा लेते एसपी
हजारीबाग पुलिस अधीक्षक अमन कुमार ने घटनास्थल पर पहुंचकर पूरे मामले की जानकारी ली साथ ही साथ घटना स्थल का जायजा लिया. इस दौरान पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि प्रिंस खान गैंग के सदस्य एक बार फिर क्षेत्र में किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की तैयारी में है.
सूचना के आधार पर पुलिस ने इलाके की घेराबंदी की. इस दौरान अपराधियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी, जिसके जवाब में पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की. इस कार्रवाई में सैयद मोहम्मद जीशान के पैर में गोली लगी और उसे घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया गया.
एसपी ने बताया कि मुठभेड़ के दौरान जीशान के साथ दो अन्य अपराधी भी मौजूद थे, जो मौके का फायदा उठाकर फरार होने में सफल रहे. उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है. घटनास्थल से बरामद हथियारों और अन्य साक्ष्यों की जांच की जा रही है तथा फरार अपराधियों की तलाश तेज कर दी गई है.
यह पूरा अभियान बड़कागांव एसडीपीओ अमित आनंद तथा बड़कागांव थाना प्रभारी दीपक कुमार सिंह के नेतृत्व में चलाया गया. पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में आपराधिक गतिविधियों पर सख्ती से कार्रवाई जारी रहेगी और फरार आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.