Search

हजारीबाग को मिली वंदे भारत ट्रेन की सौगात, 27 जून को पीएम दिखायेंगे हरी झंडी : जयंत सिन्हा

  • हर पंचायत में एक करोड़ रुपए का बनेगा सामुदायिक भवन
  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शासनकाल में देश और हजारीबाग का भी हुआ कायाकल्प
Hazaribag :   हजारीबाग को वंदे भारत ट्रेन की सौगात मिली है. 27 जून को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हरी झंडी दिखाकर ट्रेन को रवाना करेंगे.  वंदे भारत ट्रेन का परिचालन पटना से रांची के बीच होगा. हजारीबाग टाउन स्टेशन पर भी ट्रेन रुकेगी. महज 6 घंटे 30 मिनट में पटना से रांची तक का सफर पूरा होगा. यही नहीं इंटरसिटी एक्सप्रेस भी बहुत जल्द शुरू होगी. रांची से कोडरमा और कोडरमा से रांची ट्रेन का परिचालन होगा. यह बातें मोदी सरकार के नौ साल पूरे होने पर हजारीबाग के सांसद जयंत सिन्हा ने होटल केनेरी इन में प्रेस कॉन्फ्रेंस में कही.

ट्रेन मेड इन इंडिया, पर सुविधाएं लंदन और पेरिस जैसी

सांसद ने कहा कि वर्षों से हजारीबाग की लोगों की जो मांग थी, वह आज पूरी हुई है. हजारीबाग वासियों को देश की सबसे तेज ट्रेन का परिचालन का लाभ मिलने वाला है. कहा कि वंदे भारत ट्रेन में अगर सफर करेंगे, तो ऐसा महसूस होगा कि आप लंदन और पेरिस में जो सुविधा आम जनता को मिलती है, वह मिल रही है. ट्रेन मेड इन इंडिया है. हजारीबाग से रांची महज दो घंटे और हजारीबाग से पटना 3 घंटे 30 मिनट में सफर पूरा होगा. वहीं आने वाले दिनों में वंदे भारत स्लीपर भी आ रहा है. इसका भी लाभ हजारीबाग वासियों को मिलेगा. इन दो ट्रेनों के अलावा कई अन्य ट्रेन आने की भी संभावना है.

मोदी के नौ साल के सफर में हजारीबाग को मिले कई सौगात 

सांसद जयंत सिन्हा ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नौ साल के सफर में हजारीबाग को कई सौगात मिले हैं. इसमें पतरातू पावर स्टेशन है. वहां 40 हजार करोड़ों रुपए का निवेश होने जा रहा है. वहां से 4000 मेगावाट बिजली का उत्पादन होगा. इससे हजारीबाग वासियों को लाभ मिलेगा. प्लांट 2024 के मार्च तक पूरा होने की संभावना है. इसमें लगभग छह हजार लोगों को रोजगार भी मिलेगा. अक्षय पात्र का काम भी चल रहा है, जिसमें एक लाख बच्चों को स्वादिष्ट और पौष्टिक भोजन मिलेगा. भिखारी मेडिकल कॉलेज में 500 बेड का सुपर स्पेशलिटी अस्पताल बनकर तैयार हो रहा है. साईं स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में हॉकी के लिए स्टेडियम तैयार किया जा रहा है. डीएमएफटी फंड से आंगनबाड़ी, स्वास्थ्य केंद्र, स्कूल समेत कई क्षेत्रों में खर्च किया जा रहा है.

हर पंचायत में एक करोड़ रुपए से बनेगा सामुदायिक भवन

सांसद ने बताया कि हजारीबाग की हर पंचायत में डीएमएफटी फंड से एक करोड़ रुपए का सामुदायिक भवन बनेगा. इसमें शादी, क्लब, जिम, कैरम खेलने, महिलाओं के बैठक करने की जगह समेत कई सुविधाएं उपलब्ध होंगी. डीएमएफटी फंड से हजारीबाग को 150 करोड़ रुपए मिल रहा है.

देश का दूसरा ट्राइबल ऑफ स्टडी सेंटर का जल्द होगा उद्घाटन

सांसद ने कहा कि ट्राइबल ऑफ स्टडी सेंटर का भवन तैयार हो चुका है. यह देश का दूसरा ट्राइबल स्टडी सेंटर बनेगा. पूरे जिले में सड़क का जाल बिछा रहा है. आने वाले दिनों में सुपर हाइवे बनेगा, जो बनारस और कोलकाता को जोड़ेगा. हजारीबाग से कोलकाता चार घंटे और बनारस तीन घंटे में पहुंचेंगे. इसके अलावा चान्हो से बगोदर तक सड़क बन रही है. इससे ट्रैफिक समस्या का समाधान होगा. उन्होंने कहा कि इन 9 साल में देश का कायाकल्प हुआ है, तो हजारीबाग का भी कायाकल्प हुआ है

नौ साल में धारा 370 हुआ समाप्त, सेना को किया गया दुरुस्त

सांसद ने कहा कि केंद्र की बात की जाये तो धारा 370, सेना को दुरुस्त करना, सेकेंड एयरक्राफ्ट कोरियर, रफाल, 200 करोड़ टीकाकरण, भोजन, किसान सम्मान निधि, एयरपोर्ट आदि की सुविधाएं सरकार ने आम जनता को दी है. जीएसटी और बैंक को दुरुस्त किया गया है. उत्पादन शक्ति को प्रोत्साहित किया जा रहा है.

हजारीबाग में रोजगार का हुआ सृजन

हजारीबाग में रोजगार को लेकर उन्होंने कहा कि मल्टीनेशनल कंपनी एनटीपीसी यहां काम कर रही है. इसके अलावा पतरातू में प्लांट खोलने पर लोगों को रोजगार मिल रहा है. मेडिकल कॉलेज में रोजगार दिया गया है. कई फैक्ट्रियां खोली गई हैं. कृषि अनुसंधान केंद्र में भी रोजगार का सृजन किया गया है. एचपी बॉटलिंग प्लांट लगाए गए हैं. हजारीबाग में कई बड़े होटल खुल रहे हैं, जो इस बात का द्योतक है कि यहां पर अब लोग पैसे कमा रहे हैं. बड़ी-बड़ी मल्टीनेशनल कंपनियों के सामान बाजारों में उपलब्ध हैं. यह सब यह दर्शाता है कि हजारीबाग में रोजगार बढ़े हैं. आने वाले दिनों में हजारीबाग में विनोबा भावे विश्वविद्यालय के समीप नॉलेज सिटी बनाने की योजना है. यहां मल्टीनेशनल कंपनी के दफ्तर भी होंगे और छात्रों को पढ़ने के लिए एक अच्छा माहौल भी मिलेगा.

ये लोग रहे मौजूद 

मौके पर भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता सरोज सिंह, लोकसभा सांसद प्रतिनिधि सह प्रदेश कार्यसमिति सदस्य डॉ सुरेंद्र सिन्हा, हरीश श्रीवास्तव, भैया अभिमन्यु प्रसाद, प्रकाश मिश्रा, अनूप भाई वर्मा, अंबिका सिंह, लक्ष्मी नारायण सिंह, संजीव कटरियार, अनिल सिन्हा, मुकेश सिंह, प्रफुल सिंह, तलत उर्फ बाबू खान, राजू चतुर्वेदी, रंजीत पांडेय आदि उपस्थित थे. [wpse_comments_template]

Comments

Leave a Comment

Follow us on WhatsApp