- पति के हैदराबाद से लौटने के बाद पीड़िता पहुंची थाने, आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज
Hazaribagh News : हजारीबाग जिले के बरही थाना क्षेत्र स्थित डुमरडीह गांव में एक विवाहिता के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है. पीड़िता ने गांव के ही नसीम अंसारी पर दुष्कर्म करने और विरोध करने पर चाकू दिखाकर जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है. महिला की लिखित शिकायत पर बरही पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है.
प्राथमिकी के अनुसार लगभग 19 वर्षीय महिला के पति रोजगार के सिलसिले में हैदराबाद में रहते हैं. महिला गांव में अपनी सास और ननद के साथ रहती है.पीड़िता ने पुलिस को दिए आवेदन में आरोप लगाया है कि 30 सितंबर 2026 की रात करीब 10:30 बजे वह शौच के लिए घर से बाहर निकली थी. इसी दौरान नसीम अंसारी उसके कमरे में घुस गया और उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया.
पीड़िता का आरोप है कि उसने विरोध करने और शोर मचाने की कोशिश की, लेकिन आरोपी ने चाकू दिखाकर उसे जान से मारने की धमकी दी. साथ ही घटना के बारे में किसी को जानकारी देने पर गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी भी दी. इस कारण वह डर गई और तत्काल किसी को घटना के बारे में नहीं बता सकी.
शिकायत के मुताबिक बाद में महिला ने फोन पर अपने पति को घटना की जानकारी दी. सूचना मिलने के बाद उसका पति हैदराबाद से गांव लौटा. इसके बाद दोनों बरही थाना पहुंचे और पुलिस को लिखित आवेदन देकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की.
महिला की शिकायत के आधार पर पुलिस ने नसीम अंसारी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है. फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है. आरोपी पर लगाए गए आरोपों की जांच के बाद घटना से जुड़े तथ्यों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.