शिक्षिका से छेड़छाड़ प्रकरण की फिर टली जांच, ग्रामीणों की शिक्षकों के साथ बैठक की तैयारी
Hazaribagh: कभी आरोपी शिक्षक गायब, तो कभी जांच टीम में महिला को शामिल करने का इंतजार कर शिक्षिका से छेड़छाड़ करने के प्रकरण को दबाने का प्रयास जारी है. मंगलवार को स्कूल खुलने के बाद भी जांच नहीं की गई. एक तरह से कहें तो जांच को फिर से टाल दिया गया. हजारीबाग स्थित इचाक के तिलरा कवातू मीडिल स्कूल में कार्यरत छेड़छाड़ के आरोपी शिक्षक उमेश प्रजापति के स्कूल नहीं आने पर जांच नहीं हो पायी. हालांकि आरोप लगाने वाली एक प्लस टू हाई स्कूल की शिक्षिका भी स्कूल में मौजूद नहीं थीं. इस मामले में जांच पदाधिकारी बनाए गए बरही और बड़कागांव के एरिया अफसर दीपक कुमार का कहना है कि चूंकि महिला से पूछताछ करनी है, तो जांच टीम में महिला सदस्य का होना भी जरूरी है. ऐसे में इचाक बीपीओ वंदना श्रीवास्तव को जांच टीम में शामिल किया गया है. इधर यह भी बात सामने आ रही है कि मामले की लीपापोती के लिए अब गांव के ही कुछ लोगों के साथ शिक्षकों की बैठक कराने की कोशिश की जा रही है. इसके लिए आरोपी शिक्षक के मददगार एक शिक्षक इस प्रयास में जीतोड़ मेहनत करते देखे जा रहे हैं. इधर कई ग्रामीणों और गांव की महिलाओं का कहना है कि कहीं शिक्षिका भ्रष्ट व्यवस्था का शिकार न हो जाए और उन्हें इंसाफ से वंचित रहना पड़े. उन्हें बिना भय और संकोच के अपनी बातों को आगे बढ़ाना चाहिए ताकि भविष्य में अन्य किसी महिलाओं के साथ ऐसी अश्लील हरकत करने की कोई हिमाकत नहीं करे. अगर मामले को तूल नहीं देना था, तो आवेदन देने की जरूरत ही क्या था. इस मामले का पटाक्षेप स्कूल स्तर पर ही हो सकता था. -----------मेला ठेकेदार पर मेहरबान नगर निगम
Hazaribagh : हजारीबाग गांधी मैदान में प्रत्येक वर्ष लगने वाले डिज्नीलैंड मेला को लेकर नगर निगम ने एक बार फिर बिना निविदा के मैदान आवंटित कर दिया है . पिछले दो वर्षों से लगातार यह नियम नगर निगम की ओर से अपनाया जा रहा है. खुद को लाभ पहुंचाने के लिए निगम ने नियमों को ताक पर रख गांधी मैदान को आवंटित कर रहा है. 15 दिनों से डिज्नीलैंड मेला को लेकर गांधी मैदान मटवारी में स्टॉल और मेला की तैयारी देखी जा सकती है. मेला आठ अक्तूबर से शुरू होगा. ठेकेदार को नगर निगम की ओर से मैदान एक माह पूर्व ही आवंटित कर दिया गया है. नगर निगम राजस्व की बात तो करता है, लेकिन ठेकेदार को मेला देने की एवज में दो साल पुराने दर को ही निगम की ओर से स्वीकृति कर मैदान उपलब्ध कराया गया है. पूर्व में प्रत्येक वर्ष मेला को लेकर डाक होता था. उच्चतम बोली लगाने वाले को निगम की ओर से मेला आवंटित किया जाता था. इस पूरे मामले पर हजारीबाग के सामाजिक संस्था युवा प्रहरी के सचिव सह भाजपा के कृषि प्रकोष्ठ प्रदेश मंत्री मनमीत अकेला, हजारीबाग सांसद प्रतिनिधि सह भाजपा, जैविक कृषि प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक अनूप भाई वर्मा और तीन अन्य लोगों ने उच्च न्यायालय में इसे लेकर याचिका दाखिल कर सुनवाई की मांग की है. इस याचिका में उपायुक्त हजारीबाग, नगर आयुक्त एवं नगर निगम के अभियंता को पार्टी बनाया गया है. उच्च न्यायालय की ओर से निगम को नोटिस भी भेजा गया है. -----------नाबार्ड की ओर से एनजीओ और एफपीओ प्रतिनिधियों का रिफ्रेशर मीट
Hazaribagh : एनजीओ और एफपीओ प्रतिनिधियों के लिए नाबार्ड ने मंगलवार को भारत सरकार की विभिन्न योजनाओं पर एक दिवसीय प्रशिक्षण का आयोजन बैंक ऑफ इंडिया के क्षेत्रीय कार्यालय के सहयोग से किया . कार्यशाला में नाबार्ड के सभी विकास मॉडल कृषि और गैर कृषि क्षेत्र, कौशल विकास, उद्यमिता विकास पर चर्चा की गई. साथ ही नाबार्ड से संचालित सभी प्रकार की योजनाओं जैसे अनुदान सहायता जिसमे एग्री-क्लीनिक एग्री-बिजनेस और कृषि-विपणन अवसंरचना के प्रावधानों पर जानकारी दी गई. प्रशिक्षण मीट में बैंक ऑफ इंडिया के क्षेत्रीय प्रबंधक वीवी कृष्ण किशोर के नेतृत्व में उप क्षेत्रीय प्रबंधक भूपेन्द्र नारायण, एलडीएम राकेश आजाद और कृषि ऋण प्रभारी मधु मिश्रा ने स्थानीय एनजीओ और एफपीओ के प्रतिनिधियों को कृषि सहबद्ध क्षेत्र, गैर- कृषि क्षेत्र में बैंक ऋण से संबंधित योजनाओं की जानकारी दी. उन्होंने कहा कि बैंकिंग सुविधाओं का अधिक से अधिक लाभ लें. डीडीएम नाबार्ड ने एनजीओ को जिले में एफपीओ के उत्पादक समूह (पीजी) और जेएलजी तथा एसएचजी के सहयोग से किसी विशिष्ट क्षेत्र में नियोजित तरीके से काम करने का आवाह्न किया. इससे ज्यादा से ज्यादा एसएचजी सदस्यों को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर होने में मदद मिल सके. ----------- [caption id="attachment_769079" align="aligncenter" width="720"]alt="" width="720" height="524" /> जैन मंदिर में दशलक्षण पर्व पर मना उत्तम त्याग धर्म[/caption]
जैन मंदिर में दशलक्षण पर्व पर मना उत्तम त्याग धर्म
Hazaribagh : जैन समाज की ओर से दशलक्षण महापर्व का आठवां दिन उत्तम त्याग धर्म के रूप में मनाया गया. दोनों दिगंबर जैन मंदिर में प्रातः श्री जी का अभिषेक, शांतिधारा, पूजन पाठ व उत्तम त्याग धर्म की पूजा की गई. 13 दीप महामंडल विधान में भक्तों ने काफी उमंग और उत्साह के साथ पूजा की. पंडित नयनजी शास्त्री ने उत्तम त्याग धर्म पर प्रकाश डालते हुए कहा कि जिनेंद्र भगवान ने कहा है कि जो जीव संपूर्ण पर द्रव्यों से मोह छोड़कर संसार, देह और भोगों से उदासीन रूप परिणाम रखता है, उसका त्याग धर्म होता है. त्याग एक ऐसा धर्म है, जिसे प्राप्त कर आत्मा आंकिचन अर्थात आकिंचन्य धर्म का धारी बन जाता है. पूर्ण ब्रह्मलीन होने लगता है और सारभूत आत्मस्वभाव को प्राप्त कर लेता है. दोपहर में जैनियों के सबसे बड़े ग्रंथ तत्वार्थ सूत्र ग्रंथ का वाचन और महिमा का वर्णन किया गया. संध्या में दोनों दिगंबर जैन मंदिर में महाआरती, जाप, भक्तामर पाठ, शास्त्र वाचन तथा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम हुआ. प्रभारी विजय लुहाड़िया ने बताया कि गुरुवार को भाद्रपद शुक्ल,अनंत चतुर्दशी एवं भगवान 1008 वासुपूज्य स्वामी का मोक्ष कल्याणक एवं अनंत व्रत पूर्ण होगा. 30 सितंबर को आश्विन कृष्ण एकम को क्षमावाणी पर्व के साथ यह महापर्व समाप्त हो जाएगा.तारे जमीं पर में 40 बच्चों ने दी प्रस्तुति
संध्या में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम तारे जमीं पर हुआ, जिसमें करीब 40 बच्चों ने भाग लिया. आचार्य विद्यासागर पाठशाला की सभी शिक्षिकाओं ने बच्चों को शुभ संदेश दिया. आचार्य श्री 108 विद्यासागर ज्ञान पाठशाला की शानदार प्रस्तुति की लोगों ने खूब तारीफ की. इसमें संचालिका रश्मि बोहरा, खुशबू बड़जात्या, अंजना छाबड़ा, निधि लुहाड़िया, निधि अजमेरा, शिल्पी छाबड़ा, सचिव निर्मला लुहाड़िया और मंजू बड़जात्या का योगदान रहा. -------------
Leave a Comment