- पुलिस-प्रशासन के निर्देशों की हो रही अनदेखी
- दुर्घटनाओं के बाद भी नहीं सुधर रही व्यवस्था
- नियमित निगरानी की उठी मांग
Barhi: बरही शहर में सड़क किनारे लगने वाले सब्जी बाजार और ठेला व्यवसायियों की अनियोजित व्यवस्था एक बार फिर आम लोगों के लिए परेशानी का सबब बनता जा रहा है. पुलिस-प्रशासन द्वारा समय-समय पर अतिक्रमण हटाने तथा यातायात व्यवस्था सुचारु रखने के लिए अभियान चलाए जाने के बावजूद स्थिति जस की तस हो जाती है.
नतीजतन शहर की प्रमुख सड़कें संकरी हो जाती हैं, ट्रैफिक व्यवस्था चरमरा जाती है और आम लोगों को रोजाना जाम का सामना करना पड़ता है. स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार प्रशासन और पुलिस ने सड़क पर दुकानें नहीं लगाने तथा निर्धारित स्थान पर व्यवसाय करने का निर्देश दिया है, लेकिन इन निर्देशों का पालन लंबे समय तक नहीं हो पाता.
कुछ दिनों तक व्यवस्था ठीक रहती है, उसके बाद फिर सड़क किनारे ठेले और सब्जी की दुकानें सज जाती हैं. सब्जी बाजार लगने के दौरान सड़क के दोनों ओर दुकानें फैल जाने से बड़े वाहनों के आवागमन में भी काफी कठिनाई होती है. कई बार एंबुलेंस, स्कूल बस और अन्य आवश्यक सेवाओं के वाहनों को भी जाम में फंसना पड़ता है.
वहीं राहगीरों और दोपहिया वाहन चालकों को भी काफी परेशानी उठानी पड़ती है. सड़क किनारे लगने वाले बाजारों के कारण आसपास गंदगी का अंबार भी लग जाता है. सब्जियों और फलों का कचरा सड़क पर ही फेंक दिया जाता है, जिससे न केवल दुर्गंध फैलती है बल्कि नालियां भी जाम हो जाती हैं. बरसात के दिनों में यह समस्या और गंभीर हो जाती है.
स्थानीय लोगों का कहना है कि शहर में पहले भी कई छोटी-बड़ी सड़क दुर्घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन इसके बावजूद न तो ठेला व्यवसायी पूरी तरह सचेत हो रहे हैं और न ही व्यवस्था को स्थायी रूप से लागू किया जा सका है. लोगों का कहना है कि यदि समय रहते इस दिशा में ठोस कदम नहीं उठाए गए तो भविष्य में बड़ी दुर्घटनाओं से इनकार नहीं किया जा सकता.
शहरवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि केवल औपचारिक अभियान चलाने के बजाय नियमित निगरानी की व्यवस्था की जाए. साथ ही सब्जी विक्रेताओं और ठेला व्यवसायियों के लिए एक निर्धारित स्थान सुनिश्चित किया जाए, ताकि वे भी अपना व्यवसाय सुचारु रूप से कर सकें और शहर की यातायात व्यवस्था भी प्रभावित न हो.
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि बरही जैसे व्यस्त शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए प्रशासन, व्यवसायियों और आम लोगों को मिलकर जिम्मेदारी निभानी होगी. नियमित निगरानी, निर्धारित बाजार स्थल और नियमों का सख्ती से पालन ही इस समस्या का स्थायी समाधान साबित हो सकता है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें
Leave a Comment