Hazaribagh News : हजारीबाग : यूनिफाइड पेमेंट्स इंटरफेस (यूपीआई) के माध्यम से लेनदेन के नियमों में आरबीआई व एनपीसीआई की ओर से किए गए संशोधन के खिलाफ व्यावसायियों में आक्रोश है. यूपीआई के जरिए डिजिटल लेनदेन पर शुल्क लगाए जाने की व्यवस्था के विरोध में फेडरेशन ऑफ हजारीबाग चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज ने सोमवार को धरना दिया. मालवीय मार्ग स्थित विनोद स्टोर के सामने हुए धरने में बड़ी संख्या में व्यवसायी व चैंबर के पदाधिकारी शामिल हुए.
इसे भी पढ़ें
व्यापारियों ने यूपीआई से भुगतान को पूरी तरह शुल्कमुक्त रखने की मांग को लेकर आवाज बुलंद की. चैंबर अध्यक्ष शंभूनाथ अग्रवाल ने कहा कि यूपीआई ने देश की भुगतान व्यवस्था को पूरी तरह बदल दिया है. छोटे दुकानदार से लेकर बड़े कारोबारी और आम ग्राहक तक रोजमर्रा के लेनदेन के लिए इसका इस्तेमाल कर रहे हैं. ऐसे में यूपीआई पर किसी भी प्रकार का शुल्क लगाया जाना व्यापारियों और उपभोक्ताओं दोनों के हित में नहीं है.
उन्होंने कहा कि डिजिटल भुगतान को प्रोत्साहित करने की बजाय उस पर अतिरिक्त शुल्क डालने से विशेष रूप से छोटे व्यवसाय प्रभावित हो सकते हैं. उन्होंने सरकार से मांग की कि यूपीआई को पहले की तरह सरल और शुल्कमुक्त रखने की मांग की. सचिव राकेश ठाकुर ने कहा कि यूपीआई ने कारोबार में भुगतान की प्रक्रिया को काफी आसान और पारदर्शी बनाया है. छोटे व्यापारियों के लिए यह सुविधाजनक है. ग्राहक भी इसे तेजी से अपना रहे हैं. यदि डिजिटल भुगतान पर शुल्क लगाया जाता है, तो इसका सीधा असर व्यापारिक लेनदेन पर पड़ेगा.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

