Hazaribagh News : हजारीबाग जिले के चौपारण सीएचसी (सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र) के मुख्य गेट के सामने सरकारी जमीन पर अतिक्रमण और गंदगी फैली है. गेट के बाहर बेतरतीब ढंग से वाहनों की पार्किंग को लेकर अस्पताल के चिकित्सा प्रभारी डॉ. रजनीकांत कुमार ने सख्त रुख अपनाया है. उन्होंने सीओ को पत्र लिखकर अतिक्रमण हटाने की मांग की है.
चिकित्सा प्रभारी के अनुसार, अस्पताल के मुख्य द्वार के आसपास ठेला और दुकानों के कारण परेशानी हो रही है. लोग वहां गलत तरीके से अपने वाहन भी खड़े कर देते हैं, जिससे अस्पताल का मुख्य गेट दिखाई नहीं देता. इससे बाहर से आने वाले मरीजों और उनके परिजनों को अस्पताल का प्रवेश द्वार पहचानने में परेशानी होती है.
गेट के आसपास फैली गंदगी से मरीजों में संक्रमण का खतरा बना रहता है. गेट के समीप ही दाल भात केंद्र भी संचालित है. ऐसे में खाद्य सामग्री तैयार करने और परोसने वाले स्थान के आसपास गंदगी रहना स्वास्थ्य की दृष्टि से गंभीर चिंता का विषय है. डॉ. रजनीकांत कुमार ने दुकानदारों और ठेलावालों को मौखिक रूप से 15 दिनों का समय देते हुए अतिक्रमण हटाने और आसपास साफ-सफाई बनाए रखने का निर्देश दिया है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.