Hazaribagh News: करमा गांव में भूदान यज्ञ समिति से मिली तीन एकड़ जमीन पर कब्जे के आरोप सहित कुबरी गांव में जमीन को लेकर मंगलवार को पूर्व विधायक उमाशंकर अकेला के नेतृत्व में सैकड़ों ग्रामीणों ने प्रखंड सह अंचल कार्यालय परिसर का घेराव किया. इस दौरान ग्रामीणों ने जमकर नारेबाजी करते हुए जमीन कब्जा मामले में कार्रवाई की मांग की.
पूर्व विधायक उमाशंकर अकेला ने अंचलाधिकारी संजय यादव को ज्ञापन सौंपकर पूरे मामले की जानकारी दी और जमीन की जांच कराकर कार्रवाई करने की मांग की. ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि 10 दिनों के अंदर मामले में सुनवाई नहीं होती है तो बड़े पैमाने पर प्रखंड का घेराव करने के साथ अनशन किया जाएगा.
इसे भी पढ़ें:
करमा निवासी सह कांग्रेस जिला सचिव रेवाली पासवान ने कहा कि राजदेव यादव द्वारा शुरू से ही जमीन हड़पने का काम किया जा रहा है. उन्होंने मौके पर कागजात दिखाते हुए कहा कि अन्य लोगों को भी भूदान यज्ञ समिति की ओर से जमीन मिली है और उनकी चौहद्दी में संतोष भुईयां के दादा स्व. काली भुईयां के नाम का उल्लेख है. ऐसे में यह जमीन राजदेव यादव की कैसे हो सकती है, इसकी प्रशासन को जांच करनी चाहिए.
प्रदर्शन में शामिल ग्रामीणों ने अंचलाधिकारी संजय यादव के समक्ष कहा कि जमीन हकीकत में संतोष भुईयां की है और उनके दादा स्व. काली भुईयां को वर्ष 1955 में भूदान यज्ञ समिति द्वारा जमीन दी गई थी. ग्रामीणों ने उपलब्ध दस्तावेजों की जांच कर वास्तविक स्थिति स्पष्ट करने तथा संतोष भुईयां को न्याय दिलाने की मांग की.
ग्रामीणों ने कहा कि गरीब परिवार की जमीन पर यदि किसी प्रकार का अवैध कब्जा हुआ है तो प्रशासन को तत्काल जांच कर कार्रवाई करनी चाहिए. साथ ही उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि 10 दिनों के भीतर मामले में सुनवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा.
सीओ बोले—जांच के बाद होगी कार्रवाई
इस संबंध में अंचलाधिकारी संजय यादव ने कहा कि आवेदन प्राप्त हुआ है. मामले की जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी. मौके पर रामफल सिंह, लव सिंह, दिगंबर भुईयां, मुखिया प्रतिनिधि अभिमन्यु भगत, प्रह्लाद सिंह, टुन्नू वर्णवाल, मनोज सिंह, उमेश सिंह, वसीम खान, डबलू अंसारी, पूर्व मुखिया शौकत खान, विजय गुप्ता, शकील खान समेत सैकड़ों महिला-पुरुष मौजूद थे.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

