Hazaribagh News : हजारीबाग में इन दिनों सियासी पारा चरम पर है. भाजपा और कांग्रेस एक-दूसरे पर हमलावर हैं. बीते दिनों कांग्रेस जिला अध्यक्ष सह पूर्व मंत्री जयप्रकाश भाई पटेल द्वारा दिए गए बयान पर सांसद मनीष जायसवाल ने पलटवार किया है. उन्होंने कहा कि जयप्रकाश भाई पटेल का मानसिक संतुलन बिगड़ गया है. यही कारण है कि वह अनर्गल बयान दे रहे हैं.
इसे भी पढ़ें
ज्ञात हो कि पिछले दिनों जयप्रकाश भाई पटेल ने कहा था कि मनिष जायसवाल टूटपुंजिया लहंगा बांटकर लोकप्रियता बटोर रहे हैं. उनका स्थानीय समस्याओं पर ध्यान नहीं है. यह भी कहा था कि यह बताएं कि यहां की जनता ने नेता चुना है या पूंजीपति व व्यापारी. श्राद्ध कार्यक्रम के लिए संसद थोड़ा सामान देकर फोटो खिंचवा रहे हैं. यह भी कहा कि गरीब की मदद कोई इस तरह नहीं करता है. भाजपा में ये लोग अपना व्यापार और खाने-पीने के लिए हैं.
जयप्रकाश भाई पटेल के बयान पर सांसद मनीष जायसवाल ने कहा कि उनका मानसिक संतुलन बिगड़ गया है. जब वे जेएमएम में थे तो मंत्री बने थे. भाजपा में आए तो उन्हें प्रदेश उपाध्यक्ष बनाया गया. कांग्रेस में आए तो जिला अध्यक्ष. यानी उनका पद गिरता जा रहा है. उन्हें इस बात का डर है कि कहीं उन्हें पंचायत या फिर प्रखंड अध्यक्ष ना बना दिया जाए. इस कारण वे इस तरह का बयान दे रहे हैं.
सांसद ने कहा कि यह वही जयप्रकाश भाई पटेल हैं, जिन्होंने भाजपा कार्यालय से एक बहन को लहंगा शादी में उपहार स्वरूप दिया था. ऐसे में यह कहना गलत नहीं होगा कि उनका मानसिक संतुलन बिगड़ गया है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

