Hazaribagh: भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान (आईसीएआर-आईएआरआई) गौरियाकरमा के 12वें स्थापना दिवस समारोह के अवसर पर जन जागरण केंद्र से जुड़ी विष्णुगढ़ प्रखंड की महिला कृषक सरिता देवी को सर्वश्रेष्ठ कृषक पुरस्कार से सम्मानित किया गया. उन्हें यह सम्मान आईसीएआर के उप महानिदेशक डॉ. डी.के. यादव व निदेशक सह उपकुलपति डॉ. सी.एच. श्रीनिवास राव ने प्रदान किया.
सरिता देवी पूरे हजारीबाग जिले की एकमात्र महिला किसान रहीं, जिन्हें इस प्रतिष्ठित पुरस्कार से सम्मानित किया गया. वे बिरसा मुंडा एग्रो प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड की निदेशक भी हैं और किसानों को संगठित कर भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान झारखंड के मार्गदर्शन में प्राकृतिक व जैविक खेती अपनाने के लिए लगातार प्रेरित कर रही हैं.
जन जागरण केंद्र के सचिव संजय सिंह ने बताया कि यह सम्मान कृषि क्षेत्र में संस्था द्वारा किए जा रहे निरंतर प्रयासों का परिणाम है. संस्था विष्णुगढ़ प्रखंड के चलकरी, कलजारवा, भंडारी, टाटी झरिया और चूरचू सहित विभिन्न गांवों में रसायन मुक्त खेती को बढ़ावा देने के लिए किसानों के साथ मिलकर कार्य कर रही है.
इन गांवों में किसानों को प्राकृतिक खेती अपनाने के लिए प्रशिक्षण, तकनीकी मार्गदर्शन और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं. जन जागरण केंद्र के सचिव संजय सिंह ने कहा कि सरिता देवी को मिला यह सम्मान केवल एक किसान का नहीं, बल्कि उन सभी किसानों की मेहनत और समर्पण का सम्मान है, जो प्राकृतिक व रसायन मुक्त खेती को अपनाने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं. उन्होंने कहा कि जन जागरण केंद्र का उद्देश्य किसानों को रासायनिक खेती के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए उन्हें जैविक एवं प्राकृतिक खेती की ओर प्रेरित करना है.
संस्था आने वाले समय में जिले के अधिक से अधिक गांवों को रसायन मुक्त खेती से जोड़ने के लिए व्यापक अभियान चलाएगी, ताकि किसानों की आय बढ़े, मिट्टी की उर्वरता सुरक्षित रहे और लोगों को सुरक्षित व गुणवत्तापूर्ण खाद्यान्न उपलब्ध हो सके. इस अवसर पर जन जागरण केंद्र के प्रबंधक भूपेंद्र उपाध्याय सहित हेमा भाग्य भी उपस्थित रहीं.
संस्था भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान के विभिन्न कार्यकर्मों का लाभ किसानों तक पहुंचाने के लिए संस्थान के वरिष्ठ कृषि वैज्ञानिक डॉ पंकज कुमार सिन्हा के साथ अथक प्रयास कर रही है ताकि संस्था किसानों के लिए उन्नत तकनीकों को जिले के समग्र किसानों तक पहुंचा पाए
Leave a Comment