Search

 
 
 

Hazaribagh News: 29 अगस्त से हजारीबाग में खेलों का महाकुंभ, 7 जिलों के खिलाड़ी दिखाएंगे दमखम

हजारीबाग में खेल और खिलाड़ियों को बढ़ावा देने के लिए उत्तरी छोटानागपुर प्रमंडलीय नॉकआउट टूर्नामेंट का आयोजन जिला मुख्यालय में होने जा रहा है. उपायुक्त हेमंत सती की अगुवाई में 29, 30 और 31 अगस्त टूर्नामेंट आयोजित होगा.
 
हजारीबाग में खेल महोत्सव को लेकर प्रेस वार्ता
  • 29 से 31 अगस्त तक छह खेलों में 1288 खिलाड़ी दिखाएंगे प्रतिभा
  • 8.30 लाख रुपये की पुरस्कार राशि के साथ मिलेगा मेडल और ट्रॉफी 

Hazaribagh News: हजारीबाग में खेल और खिलाड़ियों को बढ़ावा देने के लिए उत्तरी छोटानागपुर प्रमंडलीय नॉकआउट टूर्नामेंट का आयोजन जिला मुख्यालय में होने जा रहा है. उपायुक्त हेमंत सती की अगुवाई में 29, 30 और 31 अगस्त टूर्नामेंट आयोजित होगा. इस टूर्नामेंट में उत्तरी छोटानागपुर प्रमंडल के अधीन आने वाले हजारीबाग, कोडरमा, रामगढ़, चतरा, बोकारो, धनबाद और गिरिडीह जिले के बड़ी संख्या में खिलाड़ी हिस्सा लेंगे. 


बाहर से आने वाले खिलाड़ियों के ठहरने, भोजन और पानी की व्यवस्था जिला प्रशासन की ओर से की जा रही है. इस खेल महोत्सव में छह खेलों आर्चरी, खो-खो, वॉलीबॉल, बैडमिंटन, फुटबॉल और एथलेटिक्स को शामिल किया गया है. प्रतियोगिता का सबसे बड़ा आकर्षण 8.30 लाख रुपये की नगद पुरस्कार राशि है. इसके अलावा मेडल और शील्ड देकर खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया जाएगा. 

 

हजारीबाग की खबरों के लिए यहां क्लिक करें:


हजारीबाग ओलंपिक संघ ने 11 सदस्यीय आयोजन समिति का गठन किया है, जिसमें उपाध्यक्ष सह मेयर अरविंद कुमार राणा, सचिव हर्ष अजमेरा, राकेश रंजन, करण जायसवाल, आलोक कुमार, भैया मुरारी, नीलेंदु जयपुरियार, प्रोफेसर राखो हरि, चंद्रशेखर सिंह, परिमल और मंसूर आलम को शामिल किया गया है इसके अलावा जिला खेल पदाधिकारी के नेतृत्व में तकनीकी कमिटी बनाई गई है. 


हर काम के लिए जवाबदेही तय करते हुए प्रभार सौंपा गया है. सोमवार को पत्रकार वार्ता में उपाध्यक्ष सह मेयर अरविंद राणा ने कहा कि 25 अगस्त को ओलंपिक मशाल और बैंड के साथ सभी खेल संघों और इस आयोजन से जुड़े लोगों की ओर से शहर में प्रभातफेरी निकाली जाएगी. 


29 अगस्त को भव्य उद्घाटन समारोह आयोजित किया जाएगा, जिसमें कस्तूरबा विद्यालय की बच्चियों की प्रतिभा भी नजर आएगी. उन्होंने कहा कि स्टेडियम में 12 स्टैंड हैं, जिन्हें महापुरुषों के नाम से किया जा रहा है. स्टेडियम में महापुरुषों और खिलाड़ियों की तस्वीरें भी लगाई जाएंगी. 


आयोजन समिति के सचिव हर्ष अजमेरा ने पत्रकारों को बताया कि इस खेल महोत्सव में उपायुक्त हेमंत सती को चेयरमैन, मेयर अरविंद राणा को उपाध्यक्ष और उन्हें स्वयं सचिव की जिम्मेदारी दी गई है. जिला खेल पदाधिकारी कैलाश राम को टेक्निकल सचिव बनाया गया है, जबकि सांस्कृतिक कार्यक्रम की जिम्मेदारी प्रहलाद सिंह को दी गई है. 


8.30 लाख रुपये की पुरस्कार राशि में दोनों वर्गों के लिए राशि बराबर रखी गई है. हर जिले का अपना अलग ड्रेस कोड होगा. जिला खेल पदाधिकारी कैलाश राम ने बताया कि छह खेलों में कुल 1288 खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं. 


इस अवसर पर राकेश रंजन ने कहा कि खेल में भाग लेने वाले खिलाड़ियों के लिए प्रमाणपत्र और मेडल दिए जाएंगे. इससे उन्हें आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी. पत्रकार सम्मेलन में भैया मुरारी, नीलेंदु जयपुरियार समेत आयोजन समिति से जुड़े अन्य लोग मौजूद रहे. 

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही