- महोत्सव में 1200 से अधिक खिलाड़ी लेंगे भाग
- 8.30 लाख रुपये के दिए जाएंगे पुरस्कार
Hazaribagh News : हजारीबाग में तीन दिवसीय खेल महोत्सव 29 अगस्त शुरू होगा. यह आयोजन बाबू कुंवर सिंह स्टेडियम (कर्जन ग्राउंड) में होगा. झारखंड के खेल एवं पर्यटन मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने खेल महोत्सव-2026 के पोस्टर का अनावरण किया. इस अवसर पर हजारीबाग के मेयर अरविंद कुमार राणा, ओलंपिक संघ के अध्यक्ष हर्ष अजमेरा, गिरिडीह मेयर प्रमिला मेहरा, झामुमो नेता सुनील कुमार व आयोजन समिति के सदस्य चंदन मेहता मौजूद रहे.
इसे भी पढ़ें
प्रतिनिधिमंडल ने मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू को तीन दिवसीय खेल महोत्सव में शामिल होने का आमंत्रण दिया, जिसे उन्होंने स्वीकार कर लिया. मंत्री ने कहा कि झारखंड में खेल प्रतिभाओं की कमी नहीं है. राज्य सरकार का प्रयास है कि खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं, उचित मंच और अपनी प्रतिभा को निखारने के पर्याप्त अवसर मिलें. हजारीबाग में आयोजित होने वाला खेल महोत्सव खिलाड़ियों के लिए लाभदायक होगा. इस तरह के आयोजन से प्रतिभाओं को सामने आने का अवसर मिलता है.
जिला प्रशासन के सहयोग से ओलंपिक संघ द्वारा आयोजित इस तीन दिवसीय खेल महोत्सव में विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी. 1200 से अधिक खिलाड़ियों के शामिल होने की संभावना है. खिलाड़ियों के लिए करीब 8.30 लाख रुपये की नगद पुरस्कार राशि रखी गई है.
मेयर अरविंद कुमार राणा ने कहा कि खेल महोत्सव जिले के खिलाड़ियों के लिए अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का बड़ा अवसर है. जिला प्रशासन और ओलंपिक संघ के सहयोग से आयोजन की तैयारियां अंतिम चरण में हैं.
ओलंपिक संघ के अध्यक्ष हर्ष अजमेरा ने कहा कि खेल महोत्सव का उद्देश्य हजारीबाग समेत पूरे झारखंड की खेल प्रतिभाओं को बेहतर मंच उपलब्ध कराना है. जिले में प्रतिभाओं की भरमार है, जरूरत केवल उन्हें सही अवसर और अपनी प्रतिभा साबित करने के लिए उपयुक्त मंच देने की है. आयोजन समिति खिलाड़ियों के लिए बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने का हरसंभव प्रयास कर रही है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

