Search

 
 
 

हजारीबाग: राहुल दुबे गिरोह के अपराधियों से पुलिस की मुठभेड़, एक को लगी गोली, दूसरा गिरफ्तार

हजारीबाग के केरेडारी थाना क्षेत्र में देर रात पुलिस और कुख्यात राहुल दुबे गिरोह के अपराधियों के बीच मुठभेड़ हो गई. चंद्रगुप्त माइंस कंपनी के पास हुई मुठभेड़ में पुलिस की जवाबी कार्रवाई के दौरान एक अपराधी के पैर में गोली लगी, जबकि उसके एक साथी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया.
 

 Hazaribagh : हजारीबाग के केरेडारी थाना क्षेत्र में देर रात पुलिस और कुख्यात राहुल दुबे गिरोह के अपराधियों के बीच मुठभेड़ हो गई. चंद्रगुप्त माइंस कंपनी के पास हुई मुठभेड़ में पुलिस की जवाबी कार्रवाई के दौरान एक अपराधी के पैर में गोली लगी, जबकि उसके एक साथी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया.

 

घायल अपराधी को पुलिस अभिरक्षा में इलाज के लिए शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, हजारीबाग भेजा गया है. पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी राहुल दुबे गिरोह से जुड़े बताए जा रहे हैं.

 

जानकारी के अनुसार पुलिस को सूचना मिली थी कि बाइक सवार अपराधी इलाके में किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की तैयारी में घूम रहे हैं. सूचना के बाद केरेडारी थाना पुलिस ने इलाके में वाहन जांच और घेराबंदी शुरू की.

 

इसी दौरान चंद्रगुप्त माइंस कंपनी के पास पुलिस टीम का सामना बाइक सवार संदिग्धों से हुआ. पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन आरोपियों ने भागने की कोशिश की. पुलिस के अनुसार इसी दौरान अपराधियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी. जवाब में पुलिस ने भी कार्रवाई की, जिसमें एक अपराधी के पैर में गोली लगी.

 

गोली लगने के बाद पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसके दूसरे साथी को भी दबोच लिया गया. पूछताछ के दौरान दोनों आरोपी बार-बार अपना नाम और पहचान बदल रहे हैं. पुलिस उनकी वास्तविक पहचान, आपराधिक इतिहास और राहुल दुबे गिरोह में उनकी भूमिका को लेकर पूछताछ कर रही है.

 

केरेडारी थाना प्रभारी वेद प्रकाश ने पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ की पुष्टि की है. उन्होंने बताया कि घायल अपराधी का अस्पताल में इलाज चल रहा है और मामले की जांच की जा रही है.

 

घटना के बाद पुलिस ने पूरे इलाके में सर्च अभियान चलाया. पुलिस को आशंका है कि गिरोह के अन्य सदस्य भी आसपास छिपे हो सकते हैं. संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है. गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के बाद पुलिस पूरे मामले का विस्तृत खुलासा कर सकती है.

 


Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

 

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही