Search

 
 
 

हजारीबाग : तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने बाइक को मारी टक्कर, पिता और एक साल की बेटी की मौत

हजारीबाग के केरेडारी-बड़कागांव मुख्य मार्ग पर देशवारी के समीप कल देर शाम हुए भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार पिता और उनकी एक वर्षीय बेटी की मौत हो गई. हादसे में पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गईं. मृतकों की पहचान केरेडारी थाना क्षेत्र के बेलतू निवासी मो आसीन और उनकी एक वर्षीय पुत्री के रूप में हुई है.
 
केरेडारी चौक के पास सड़क जाम की गयी
  • हजारीबाग में दर्दनाक सड़क हादसे के बाद ग्रामीणों का फूटा गुस्सा
  • NTPC-BGR की गाड़ियों के आवागमन पर भी उठाये सवा
  • केरेडारी चौक के पास शव जमीन पर रखकर किया रोड जाम.

Hazaribagh :  हजारीबाग के केरेडारी-बड़कागांव मुख्य मार्ग पर देशवारी के समीप कल देर शाम हुए भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार पिता और उनकी एक वर्षीय बेटी की मौत हो गई. हादसे में पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गईं. मृतकों की पहचान केरेडारी थाना क्षेत्र के बेलतू निवासी मो आसीन और उनकी एक वर्षीय पुत्री के रूप में हुई है.

 

जानकारी के अनुसार मो आसीन अपनी पत्नी और छोटी बेटी के साथ बाइक से अपने ससुराल जाको की ओर जा रहे थे. इसी दौरान देशवारी के पास बड़कागांव की ओर से आ रही एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे जा गिरी. हादसे के बाद स्कॉर्पियो चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया.

 

झारखंड की खबरों के लिए यहां क्लिक करें

 

स्थानीय लोगों ने तीनों घायलों को तत्काल केरेडारी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया. चिकित्सकों ने जांच के बाद मो. आसीन और उनकी मासूम बेटी को मृत घोषित कर दिया. गंभीर रूप से घायल पत्नी को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल, हजारीबाग रेफर किया गया.

 

शव सड़क पर रखकर ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन

हादसे की खबर मिलते ही परिजन और बड़ी संख्या में ग्रामीण आक्रोशित हो गए. देर रात केरेडारी चौक के पास पिता और बेटी के शव को सड़क पर रखकर ग्रामीणों ने मुख्य मार्ग जाम कर दिया. ग्रामीणों ने फरार वाहन और चालक की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की.

 

ग्रामीणों का आरोप है कि इस मार्ग पर भारी वाहनों की आवाजाही लगातार बढ़ रही है और तेज रफ्तार वाहनों के कारण सड़क सुरक्षा को लेकर पहले से ही चिंता बनी हुई है. ग्रामीणों ने मांग की कि हादसे में शामिल वाहन की पहचान कर चालक को गिरफ्तार किया जाए और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा दिया जाए.

 

NTPC-BGR की गाड़ियों की आवाजाही पर भी सवाल

ग्रामीणों ने केरेडारी-बड़कागांव मार्ग पर NTPC-BGR से जुड़े वाहनों की लगातार आवाजाही को लेकर भी नाराजगी जताई. ग्रामीणों का कहना है कि भारी वाहनों कीआवाजाही के कारण इस मार्ग पर दुर्घटना का खतरा लगातार बना रहता है. इसी मुद्दे को लेकर ग्रामीणों ने सड़क पर वाहनों का आवागमन रोक दिया.

 

रात में प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों से बातचीत कर जाम हटाने का प्रयास किया. हालांकि ग्रामीण अपनी मांगों पर अड़े रहे. सुबह प्रदर्शन का स्थान बदलकर कड़वे बसारिया मोड़ कर दिया गया, जहां ग्रामीणों ने फिर सड़क जाम कर दी.

 

ग्रामीणों का कहना है कि जब तक हादसे में शामिल वाहन और चालक की पहचान कर कार्रवाई नहीं की जाती और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा नहीं मिलता, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा. हादसे के कारण मार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और आवागमन प्रभावित रहा.

 

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट में अपनी राय साझा करें.  

 

 

 

 

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही