Ramgarh News: भदानीनगर थाना क्षेत्र के पाली-सुद्दी पारगढ़ा गांव में एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत के बाद स्वास्थ्य विभाग हरकत में आया है. मामले की जानकारी मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू की.
टीम ने गांव में लोगों की स्वास्थ्य जांच की और करीब 75 लोगों के ब्लड सैंपल लिए. इन सभी सैंपलों की मलेरिया और टाइफाइड की जांच कराई गई. स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, किसी भी व्यक्ति की रिपोर्ट पॉजिटिव नहीं मिली है. सभी रिपोर्ट सामान्य आई हैं.
गांव में दो नाबालिग बच्चों रामकिशुन बेदिया (15) और साहिल बेदिया (9) की मौत के बाद उनकी मां संगीता देवी की भी मौत हो गई. करीब 24 घंटे के अंदर एक ही परिवार में तीन मौतों से गांव में चिंता का माहौल है.
मौके पर पहुंची स्वास्थ्य विभाग की टीम में सिविल सर्जन डॉ. अनिल कुमार, यक्ष्मा अधिकारी डॉ. स्वराज और डॉ. सत्यप्रकाश शामिल थे. टीम ने गांव की स्थिति का जायजा लिया और ग्रामीणों से भी जानकारी ली.
मलेरिया-टाइफाइड की संभावना कम
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के अनुसार शुरुआती जांच में तीनों मौतों की वजह मलेरिया या टाइफाइड होने की संभावना कम दिखाई दे रही है. इन बीमारियों में आमतौर पर बुखार प्रमुख लक्षण होता है, जबकि मृतकों में बुखार का कोई स्पष्ट लक्षण सामने नहीं आया था. तीनों में अलग-अलग तरह के लक्षण बताए गए हैं.
विभाग अब यह भी जांच करेगा कि मृतकों का इलाज कहां और किस आधार पर किया गया था. उन्हें मलेरिया और टाइफाइड बताए जाने की वजह भी पता की जाएगी. इसके साथ ही जांच किस लैब में हुई थी और इलाज करने वाले डॉक्टर की योग्यता क्या थी, इसकी भी जानकारी जुटाई जाएगी.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
संगीता देवी के शव का शुक्रवार शाम रामगढ़ में पोस्टमार्टम कराया गया. अब स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन को पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है. रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की सही वजह सामने आने की उम्मीद है. फिलहाल स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव में स्थिति पर नजर रख रही है. तीन मौतों के बाद ग्रामीणों में किसी बीमारी को लेकर डर न फैले, इसे लेकर भी स्वास्थ्य विभाग जांच और निगरानी कर रहा है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.