LagatarDesk : होली का त्योहार खत्म होते ही गर्मी परवान चढ़ने लगा है. देश के कई हिस्सों में भीषण गर्मी और लू का प्रकोप देखने को मिल रहा है. भारत मौसम विज्ञान विभाग ने 17 और 18 मार्च को झारखंड समेत कई राज्यों में हिट वेब को लेकर अलर्ट जारी किया है. वहीं 16 मार्च को झारखंड के जमशेदपुर का तामपान 40.7 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है. https://twitter.com/Indiametdept/status/1901241663038558381
झारखंड के अलग-अलग क्षेत्रों में लू चलने की संभावना
आईएमडी के अनुसार, ओडिशा में कई जगहों पर लू से लेकर भीषण लू की स्थिति बन सकती है. इसके अलावा, झारखंड, पश्चिम बंगाल के गंगा किनारे, तेलंगाना और विदर्भ में भी अलग-अलग क्षेत्रों में लू की संभावना जतायी गयी है.झारखंड और पश्चिम बंगाल के गंगा के मैदानी इलाकों के साथ-साथ ओडिशा में रात में गर्म मौसम की संभावना है. तटीय गुजरात, तटीय आंध्र प्रदेश और यनम, उत्तरी आंतरिक कर्नाटक और पश्चिम बंगाल के गंगा के मैदानी क्षेत्रों में भी विभिन्न स्थानों पर गर्म और आर्द्र मौसम का अनुभव हो सकता है.
आईएमडी ने असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में तेज हवाओं (गति 40-50 किमी प्रति घंटा) के साथ तूफान और बिजली गिरने की संभावना जतायी है. वहीं अरुणाचल प्रदेश, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल एवं सिक्किम, तटीय कर्नाटक, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक और केरल व माहे में अलग-अलग स्थानों पर बिजली गिरने की संभावना है.
Leave a Comment