Search

विधवा पेंशन अविलंब भुगतान करे हेमंत सरकार: बाबूलाल मरांडी

Ranchi: भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने एक बार फिर से राज्य सरकार को निशाने पर लिया है. उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए कहा कि हमारी विधवा माताओं और बहनों की स्थिति आज बेहद दयनीय और चिंताजनक हो गई है, क्योंकि इस सरकार में उन्हें भारी संकट और उपेक्षा का सामना करना पड़ रहा है. बाबूलाल मरांडी ने आगे कहा है कि विधवा पेंशन, जो उनके जीवन का एकमात्र सहारा है, पिछले 5-6 महीनों से बंद है. महिलाओं का कहना है कि सरकार ने विधवा पेंशन फंड का पैसा "मंईया सम्मान योजना" के लिए ट्रांसफर कर दिया है, जिससे उनकी पेंशन रुक गई है. उन्होंने कहा कि विधवा पेंशन, हमारी माताओं और बहनों के लिए सिर्फ एक राशि नहीं है, बल्कि यह एक ऐसा सहारा है जो उन्हें सम्मान और आत्मनिर्भरता प्रदान करती है. पेंशन के बंद होने से उनकी रोजमर्रा की जिंदगी में समस्याएं बढ़ गई हैं. कई महिलाएं भोजन, दवाइयों और अन्य आवश्यकताओं के लिए संघर्ष कर रही हैं. फिर भी हेमंत सरकार उनकी मजबूरी और दर्द को नज़रअंदाज कर रही है और उनकी स्थिति का मज़ाक बना रही है. उन्होंने कहा कि एक योजना की कीमत पर दूसरी योजना को आगे बढ़ाना किसी भी तरह से न्यायसंगत नहीं है. सरकार को समझना चाहिए कि हमारी विधवा माताओं और बहनों के जीवन में पेंशन की कितनी अहम भूमिका है. इसलिए, मुख्यमंत्री को तत्काल नींद से जागकर विधवा पेंशन को बहाल करना चाहिए और माताओं और बहनों की मजबूरी का मजाक बनाना बंद करना चाहिए.

Comments

Leave a Comment

Follow us on WhatsApp