Search

 
 
 

दिव्यांग अभ्यर्थियों के पक्ष में हाईकोर्ट का निर्देश, 12 सप्ताह में चौकीदार के 4% आरक्षित पदों पर नियुक्ति करें

Ranchi : झारखंड हाईकोर्ट ने साहिबगंज जिले में चौकीदार के 4% आरक्षित पदों को 12 सप्ताह के भीतर भरने का आदेश दिया है. न्यायमूर्ति दीपक रोशन की अदालत ने यह फैसला उन सफल दिव्यांग अभ्यर्थियों की याचिका पर सुनाया है, जिन्हें लिखित और शारीरिक परीक्षा पास करने के बावजूद नियुक्ति से वंचित रखा गया था.
 
झारखंड हाईकोर्ट
  • साहिबगंज चौकीदार नियुक्ति मामले में हाईकोर्ट का निर्देश
  • 12 सप्ताह में दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए आरक्षित 4% पदों पर नियुक्ति करें

Ranchi :  झारखंड हाईकोर्ट ने साहिबगंज जिले में चौकीदार पद पर नियुक्ति से संबंधित मामले में दिव्यांग अभ्यर्थियों के पक्ष में फैसला सुनाया है. अदालत ने दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए आरक्षित 4% पदों को 12 सप्ताह के भीतर भरने का  निर्देश दिया है. लिखित और शारीरिक परीक्षा पास करने के बावजूद नियुक्ति से वंचित फूलचंद मुर्मू एवं अन्य की याचिका की सुनवाई हाईकोर्ट के  न्यायमूर्ति  दीपक रोशन की अदालत में हुई.

 

उल्लेखनीय है कि साहिबगंज जिले में विज्ञापन संख्या 01/2024 के तहत चौकीदार के कुल 315 पदों पर नियुक्ति के लिए विज्ञापन प्रकाशित किया गया था, जिसमें दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए 4 प्रतिशत पद आरक्षित रखे गए थे. वर्तमान मामले के याचिकाकर्ता दिव्यांग श्रेणी के अंतर्गत निर्धारित पात्रता रखते हुए उक्त नियुक्ति प्रक्रिया में शामिल हुए थे.

 

उन्हें प्रवेश पत्र जारी किया गया, जिसके आधार पर उन्होंने लिखित परीक्षा में भाग लिया सफल भी हुए. उन्होंने शारीरिक दक्षता परीक्षा में भी सफलता हासिल की. इसके बावजूद याचिकाकर्ताओं की नियुक्ति नहीं की गई. प्रतिवादियों द्वारा दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए आरक्षित चौकीदार के पदों को फिलहाल स्थगित (Abeyance) रखा गया था. इससे व्यथित होकर याचिकाकर्ताओं ने न्याय की मांग करते हुए झारखंड हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया था.

 

याचिकाकर्ताओं की ओर से अधिवक्ता शुुभम मिश्रा और हर्ष चंद्र ने अदालत के समक्ष पक्ष रखते हुए कहा कि जब विज्ञापन में स्पष्ट रूप से दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए 4 प्रतिशत पद आरक्षित किए गए थे और याचिकाकर्ताओं ने निर्धारित चयन प्रक्रिया में भाग लेकर लिखित एवं शारीरिक दक्षता परीक्षा दोनों में सफलता प्राप्त की है, तो केवल नियुक्ति प्रक्रिया को स्थगित रखकर उन्हें नियुक्ति से वंचित करना विधि की दृष्टि में उचित नहीं है.

 

अधिवक्ताओं ने दलील दी कि दिव्यांग व्यक्तियों को उचित सुविधा एवं समान अवसर उपलब्ध कराना राज्य का वैधानिक दायित्व है. इस संबंध में माननीय सर्वोच्च न्यायालय द्वारा Vikash Kumar v. Union of India के मामले में प्रतिपादित सिद्धांतों का हवाला दिया गया.

 

साथ ही, झारखंड हाईकोर्ट द्वारा Jhutika Paul v. State of Jharkhand के मामले में दिए गए निर्णय का भी उल्लेख करते हुए कहा गया कि दिव्यांग व्यक्तियों को उचित समायोजन (Reasonable Accommodation) प्रदान करना आवश्यक है, ताकि वे समान अवसर के साथ नियुक्ति प्रक्रिया में भाग ले सकें।

 

वहीं, राज्य सरकार की ओर से उपस्थित अधिवक्ता ने प्रतिवाद करते हुए कहा कि दिव्यांग अभ्यर्थियों की नियुक्ति एवं उनके शारीरिक दक्षता परीक्षण के संबंध में कोई विशिष्ट नियम निर्धारित नहीं है. इसी कारण साहिबगंज उपायुक्त द्वारा राज्य सरकार से मार्गदर्शन मांगा गया था और मार्गदर्शन प्राप्त होने तक संबंधित पदों को स्थगित रखा गया.

 

यह भी दलील दी गई कि नियुक्ति वर्ष 2015 के नियुक्ति नियमों के अनुसार ही की जानी चाहिए और दिव्यांग अभ्यर्थियों को शारीरिक दक्षता परीक्षा से छूट देने का कोई स्पष्ट प्रावधान नहीं है. दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद अदालत ने आदेश पारित करते हुए दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए आरक्षित 4 प्रतिशत पदों को 12 सप्ताह के भीतर भरने का निर्देश दिया. 

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही