- घाटशिला की निचली अदालत की उम्रकैद की सजा को फैसला बरकार
Ranchi: झारखंड हाईकोर्ट ने ‘डायन’ बताकर महिला की कुल्हाड़ी से हत्या करने के मामले में दोषी की उम्रकैद की सजा को बरकरार रखते हुए उसकी अपील खारिज कर दी है. हाईकोर्ट ने अपीलकर्ता फागू महली उर्फ पागू की सजा के खिलाफ अपील में यह आदेश सुनाया.
क्या है पूरा मामला
अभियोजन पक्ष के अनुसार, यह घटना 11 जून 2014 की सुबह पूर्वी सिंहभूम जिले के डुमरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत सत्यबकरा टोला (लोकापानी) की है. इससे एक रात पहले (10/11 जून की रात) अपीलकर्ता फागू महली उर्फ पागू महली का परिवार में झगड़ा हुआ था और वह लिपि महली को मारने के लिए दौड़ा था. लिपि महली ने सूचक मकरो सरदार के घर में शरण ली थी, जहां मृतका खोरी सरदार ने उसे बचाया था.
अगली सुबह जब मृतका अपनी बहू झरना सरदार के साथ पानी लेकर लौट रही थी, तभी फागू महली वहां पहुंचा और मृतका को ‘डायन’ कहते हुए उसके सिर पर कुल्हाड़ी से वार कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई. शोर मचाने पर ग्रामीण और परिवार के लोग मौके पर पहुंचे और आरोपी को पकड़कर बांध दिया.
निचली अदालत का फैसला
इस मामले में घाटशिला के अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने मामले में फागू महली को दोषसिद्धि और 20 अगस्त 2016 को सजा सुनाई थी. ट्रायल कोर्ट ने आरोपी को भारतीय दंड संहिता (IPC) की धारा 302 के तहत दोषी ठहराते हुए आजीवन सश्रम कारावास और 10,000 रुपये जुर्माना (जुर्माना न देने पर 6 महीने अतिरिक्त साधारण कारावास) की सजा दी थी.
अपीलकर्ता के अधिवक्ताओं ने दलील दी कि पूरा मामला केवल एक चश्मदीद गवाह (मृतका की बहू के बयान पर आधारित है और अन्य गवाहों के साथ इसे मिलाकर देखने पर उनकी उपस्थिति संदिग्ध लगती है. यह भी कहा गया कि केवल एक वार किया गया था और डायन प्रथा निषेध अधिनियम के तहत दोषसिद्धि नहीं हुई है, इसलिए धारा 302 के तहत सजा उचित नहीं है.
राज्य सरकार की ओर से अपील का विरोध करते हुए कहा कि गवाही विश्वसनीय है, घटनास्थल से खून लगी कुल्हाड़ी जब्त हुई और आरोपी को मौके पर पकड़ा गया, जिससे अपराध साबित होता है.
हाईकोर्ट ने सुप्रीम कोर्ट के पूर्व निर्णयों का हवाला देते हुए कहा कि साक्ष्यों की संख्या नहीं, बल्कि उसकी गुणवत्ता महत्वपूर्ण है. यदि एकमात्र चश्मदीद गवाह (भले ही वह रिश्तेदार हो) का बयान विश्वसनीय और अन्य साक्ष्यों से समर्थित हो, तो उसके आधार पर सजा दी जा सकती है.
पोस्टमार्टम करने वाले चिकित्सक की रिपोर्ट के अनुसार, मृतका के बाएं फ्रंटो-टेम्पोरल हिस्से में तेज धारदार चोट थी और दिमाग (ब्रेन मैटर) कुचला हुआ पाया गया था. कोर्ट ने कहा कि सिर पर इतने जोरदार प्रहार और कुल्हाड़ी लेकर आने से हत्या के इरादे का स्पष्ट संकेत मिलता है, भले ही वार एक ही क्यों न किया गया हो.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.