Ranchi News: झारखंड हाईकोर्ट ने सिमडेगा जिला के बानो थाना क्षेत्र में डायन प्रथा के आरोप में बुजुर्ग दंपती को जिंदा जलाकर मार डालने के मामले में तीन दोषियों की अपील खारिज कर दी है. खंडपीठ ने निचली अदालत की सजा को बरकरार रखा है.
क्या है मामला
13 दिसंबर 2016 की शाम सिमडेगा के बानो थाना क्षेत्र के टेम्ब्रो गांव में यह घटना हुई. सूचक भोला सिंह के अनुसार, शाम करीब 5 बजे आरोपी उनके घर आए और उनके भाई बुतरू सिंह व उनकी पत्नी बिमला देवी को जान से मारने की बात कहकर चले गए. शाम करीब 7 बजे वे दोबारा लौटे, तब एक आरोपी शंकर सिंह के हाथ में टंगी (कुल्हाड़ी जैसा हथियार) थी.
आरोपियों को देखकर बुतरू सिंह और बिमला देवी बच्चों समेत पीछे के दरवाजे से भाग गए. आरोपी घर में घुसे और धमकी दी कि दोनों को सौंपो, नहीं तो पूरे घर को आग लगा देंगे. उनका आरोप था कि बुतरू और उनकी पत्नी "डायन" प्रथा करते हैं, जिससे उनका पूरा परिवार बीमार हो गया है. अभियोजन के मुताबिक, आरोपियों ने सूचक, उनकी पत्नी और बेटे को कमरे में बंद कर दिया और उनके पिता लोहरा सिंह व मां चोरठी देवी को बाहर निकालकर बेरहमी से पीटा. इसके बाद घर में आग लगा दी, जिसमें दोनों बुजुर्गों की जलकर मौत हो गई. आरोपियों ने बचाने आए ग्रामीणों को भी धमकाया और खलिहान में रखी कटी फसल भी जला दी.
बानो थाना कांड संख्या 68/2016 दर्ज हुआ. सिमडेगा के अपर सत्र न्यायाधीश-I ने 23 मई 2018 को विजय सिंह, शंकर सिंह उर्फ बुधू और शंकर सिंह को दोषी ठहराया. उन पर भारतीय दंड संहिता की धारा 452, 302, 201, 436 और 506 (सभी सहपठित धारा 34) तथा डायन प्रथा निवारण अधिनियम, 1999 की धारा 3 व 4 के तहत दोष सिद्ध हुआ.
उसे हत्या (धारा 302/34): आजीवन कारावास और 25,000 रुपये जुर्माना,
आगजनी (धारा 436/34): 10 वर्ष सश्रम कारावास और 5,000 रुपये जुर्माना
गृह-अतिचार (धारा 452/34): 5 वर्ष कारावास और 20,000 रुपये जुर्माना
साक्ष्य मिटाना (201/34) व धमकी (506/34): प्रत्येक में 5 वर्ष कारावास और 5,000 रुपये जुर्माना
डायन प्रथा निवारण अधिनियम: 3 माह और 6 माह का कारावास
हर दोषी को पीड़ित पक्ष को 50,000 रुपये मुआवजा देने का भी निर्देश,
सभी सजाएं साथ-साथ चलेंगी.
अभियोजन और बचाव
मुकदमे में अभियोजन ने 14 गवाह पेश किए, जिनमें सूचक भोला सिंह, बुतरू सिंह, तीन डॉक्टर और जांच अधिकारी रवींद्र कुमार शामिल थे. पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट, एफएसएल रिपोर्ट, आरोपियों के इकबालिया बयान और जब्त टंगी जैसे साक्ष्य भी रखे गए. बचाव पक्ष ने घटना से इनकार करते हुए झूठे फंसाए जाने का दावा किया, लेकिन कोई गवाह या दस्तावेज पेश नहीं किया.
हाईकोर्ट ने अपीलकर्ता विजय सिंह की अपील क्रिमिनल अपील और शंकर सिंह उर्फ बुधू व शंकर सिंह की अपील की साथ-साथ सुनवाई हुई. खंडपीठ ने कहा कि निचली अदालत द्वारा संबंधित गवाहों की गवाही और मामले की अन्य परिस्थितियों पर भरोसा करने में कोई अवैधता नहीं हुई. अपीलों में कोई दम न पाकर दोनों अपील खारिज कर दी गईं. तीनों अपीलकर्ता हिरासत में हैं और फैसले की प्रति उन्हें उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.