Search

 
 
 

Ranchi News: रांची रेल मंडल में बनेगा हाईटेक कंट्रोल सेंटर, एक क्लिक पर होगी ट्रेनों की निगरानी

रांची रेल मंडल जल्द ही अत्याधुनिक तकनीक से लैस केंद्रीकृत कंट्रोल सेंटर की सुविधा से जुड़ने जा रहा है. रेल परिचालन को अधिक सुरक्षित, तेज और व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से मंडल मुख्यालय स्थित डीआरएम कार्यालय परिसर में करीब 6 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक सेंट्रलाइज कंट्रोल रूम का निर्माण किया जाएगा.
 
झारखंड की राजधानी रांची की खबरें

Ranchi: रांची रेल मंडल जल्द ही अत्याधुनिक तकनीक से लैस केंद्रीकृत कंट्रोल सेंटर की सुविधा से जुड़ने जा रहा है. रेल परिचालन को अधिक सुरक्षित, तेज और व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से मंडल मुख्यालय स्थित डीआरएम कार्यालय परिसर में करीब 6 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक सेंट्रलाइज कंट्रोल रूम का निर्माण किया जाएगा. यह कंट्रोल सेंटर शुरू होने के बाद मंडल में चलने वाली सभी ट्रेनों की गतिविधियों की निगरानी एक ही स्थान से की जा सकेगी.

इसे भी पढ़ें: 

प्रस्तावित कंट्रोल रूम में विशाल वीडियो वॉल, डिजिटल मॉनिटर और आधुनिक संचार प्रणाली स्थापित की जाएगी. इन स्क्रीन पर ट्रेनों की वास्तविक समय (रियल टाइम) स्थिति, गति, समयपालन, सिग्नलिंग और परिचालन संबंधी सभी महत्वपूर्ण जानकारियां लगातार उपलब्ध रहेंगी। इससे किसी भी तकनीकी खराबी, परिचालन बाधा या ट्रेन के विलंब की स्थिति में अधिकारी तत्काल निर्णय लेकर आवश्यक कार्रवाई कर सकेंगे.

नई प्रणाली को जीपीएस, सिग्नलिंग नेटवर्क और रेलवे कंट्रोल सिस्टम से जोड़ा जाएगा. इसके माध्यम से कंट्रोलर प्रत्येक ट्रेन की लोकेशन, गति और परिचालन की स्थिति पर लगातार नजर रखेंगे। आवश्यकता के अनुसार ट्रेनों की प्राथमिकता तय करने, क्रॉसिंग की योजना बनाने तथा परिचालन को सुचारु बनाए रखने का कार्य भी इसी केंद्र से किया जाएगा.

रेलवे के स्टेशन मास्टर, लोको पायलट, गार्ड, सिग्नल एवं इंजीनियरिंग शाखा सहित अन्य विभागों के बीच समन्वय भी इसी कंट्रोल सेंटर के माध्यम से होगा. किसी भी प्रकार की तकनीकी समस्या या आपात सूचना तुरंत कंट्रोल रूम तक पहुंचेगी, जिसके बाद संबंधित टीम को तत्काल मौके पर भेजा जा सकेगा.

इस परियोजना में ओवरहेड इलेक्ट्रिक लाइन, रेलवे ट्रैक और सिग्नलिंग व्यवस्था की निगरानी के लिए भी विशेष तकनीकी व्यवस्था की जाएगी. इसके अलावा एक आधुनिक डिजास्टर कंट्रोल सेंटर भी स्थापित होगा, जो रेल दुर्घटना, प्राकृतिक आपदा या अन्य आपातकालीन परिस्थितियों में राहत एवं बचाव कार्यों का मुख्य संचालन केंद्र बनेगा. यहां से मेडिकल, इंजीनियरिंग, रेलवे सुरक्षा बल और अन्य विभागों के बीच त्वरित समन्वय स्थापित किया जाएगा.

नई व्यवस्था लागू होने के बाद ट्रेन विलंब, रद्द होने या मार्ग परिवर्तन जैसी सूचनाएं तत्काल संबंधित स्टेशनों और यात्री सूचना प्रणाली तक पहुंचाई जाएंगी, जिससे यात्रियों को समय पर सटीक जानकारी मिल सकेगी.

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही