Search

 
 
 

हाई वोल्टेज ड्रामा : आपस में भिड़े रिम्स के दो डॉक्टर, धक्का-मुक्की

 
Ranchi : रिम्स में मरीज-परिजन और डॉक्टरों के बीच झड़प व मारपीट की घटना आम है. हर दो-तीन महीने में ऐसी घटना सुनने को मिलती है, लेकिन शुक्रवार को कुछ अलग हुआ. दो विभाग के सीनियर डॉक्टरों के बीच ही झड़प हो गई. कैंसर विभाग के हेड डॉ. अनूप सिंह शुक्रवार को यूरोलॉजी विभाग पहुंचकर एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. राणा प्रताप को धक्का-मुक्की करने लगे. ओपीडी में उपस्थित मरीज के परिजनों ने बताया कि डॉ. अनूप बाहर से ही चिल्लाते हुए ओपीडी के कमरे के भीतर आ गए. कमरे के भीतर एक कार्टून रखा हुआ था, उसे उठाकर सीधे कमरे में ही पटक दिया. और भी कई सामान यहां-वहां फेंक दिए. इसके बाद डॉ. राणा प्रताप को अपशब्द कहते हुए धक्का देने लगे. डॉ. राणा प्रताप ने बताया कि डॉ. अनूप ने कमरे में आकर उनसे कहा कि तुम मेरे बारे बाहर क्या-क्या बोल रहे हो? मेरे पीछे डिटेक्टिव लगाकर रखे हो? तुम मुझे घर के बाहर पार्किंग करने से रोकते हो? मरीजों को मेरे खिलाफ भड़काते हो? इतना कहने के बाद वे और उग्र होते चले गए. इसके बाद सुरक्षाकर्मियों ने आकर बीच-बचाव करते हुए उन्हें समझाकर शांत कराया. यह घटना शुक्रवार करीब 11 बजे की है. उस वक्त डॉ. राणा प्रताप ओपीडी में मरीजों को देख रहे थे. सुरक्षाकर्मियों ने समय पर कमरे के भीतर पहुंचकर मामले को बढ़ने नही दिया। रिम्स प्रबंधन को सूचना दी गई. चिकित्सा अधीक्षक ने दोनों चिकित्सकों को बुलाकर काफी देर समझाया. इस बीच यूरोलॉजी और कैंसर विभाग में मरीजों का इलाज घंटो प्रभावित रहा.

डॉ. राणा प्रताप ने निदेशक से शिकायत की

इधर, घटना के बाद डॉ. राणा प्रताप ने इसकी शिकायत निदेशक डॉ. कामेश्वर प्रसाद से की. उन्होंने निदेशक से सुरक्षा की मांग की है. डॉ. राणा प्रताप से पूछने पर की डॉ. अनुप से क्या विवाद था, उन्होंने कहा कि कुछ विवाद नही है. डॉ. अनूप और वे दोनों डॉक्टर्स कॉलोनी में एक ही क्वार्टर में ऊपर और नीचे रहते हैं. क्वार्टर में भी डॉ. अनूप पहले विवाद कर चुके है. अब उन्हें डर है कि डॉ. अनूप का यहीं रवैया रहा तो वे परिजनों को भी नुकसान न पहुंचा दें. उन्होंने रिम्स प्रबंधन से दूसरे क्वार्टर की भी मांग की है. इधर, डॉ. अनूप ने पूरे घटनाक्रम से इंकार करते हुए कुछ कहने से मना कर दिया. कहा कि ऐसा कुछ भी नहीं हुआ है.
[wpse_comments_template]
Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही