Search

Advertisement
Advertisement
Advertisement

हिमांशु सिंह हत्याकांड : CM का सख्त एक्शन, जमशेदपुर SSP व सरायकेला SP को हटाया

Jamshedpur :  करणी सेना के युवा नेता हिमांशु कुमार सिंह हत्याकांड मामले में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सख्त रुख़ अपनाया है. पूर्वी सिंहभूम के वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) पीयूष पांडेय और सरायकेला-खरसावां की पुलिस अधीक्षक (SP) निधि द्विवेदी को तत्काल प्रभाव से उनके पद से हटा दिया गया है. यह कार्रवाई विधि-व्यवस्था बनाए रखने और आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने में लापरवाही के आधार पर की गई है. 

 

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इसकी जानकारी दी है. उन्होंने कहा कि राज्य सरकार जनता की सुरक्षा के मामले में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं करेगी. उन्होंने स्पष्ट किया कि अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में जवाबदेही तय की जाएगी.

 

मुख्यमंत्री ने यह भी निर्देश दिया कि चाईबासा के आयुक्त और रांची के एडीजी लगातार क्षेत्र में कैंप करेंगे और प्रतिदिन कानून-व्यवस्था की समीक्षा करेंगे. वहीं, जमशेदपुर के डीआईजी को शहर में रहकर पूरे कोल्हान क्षेत्र की कानून-व्यवस्था की निगरानी करने और आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है. 

गौरतलब है कि जमशेदपुर के बिष्टुपुर स्थित डीडी बार के बाहर हिमांशु कुमार सिंह की हत्या कर दी गई थी. इस सनसनीखेज हत्या के बाद जमशेदपुर में व्यापक विरोध-प्रदर्शन हुआ था.

 

लोगों ने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए बिष्टुपुर में कई घंटों तक सड़क जाम रखा था. इस दौरान पुलिस वाहनों पर पथराव भी हुआ और प्रदर्शनकारियों ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी के साथ-साथ जिम्मेदार पुलिस अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की थी.

 

लगातार बढ़ते जनदबाव और कानून-व्यवस्था की स्थिति को देखते हुए मुख्यमंत्री का यह फैसला प्रशासनिक जवाबदेही तय करने की दिशा में अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई मानी जा रही है. इस कार्रवाई की एक और खास बात यह है कि मुख्यमंत्री ने आईपीएस दंपती पर एक साथ गाज गिराई है.

 

पूर्वी सिंहभूम के एसएसपी पीयूष पांडेय और सरायकेला-खरसावां की एसपी निधि द्विवेदी, दोनों को उनके पद से हटाकर पुलिस मुख्यालय से संबद्ध कर दिया गया है. 

Comments

Leave a Comment

Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही