Search

होली विशेष: बुरा ना मानो होली हैं, जोगीरा में झलका झारखंड कानून का रंग

Ranchi : होली के रंग में जहां पूरा झारखंड सराबोर है, वहीं कानून-व्यवस्था को लेकर पुलिस महकमा पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आ रहा है. झारखंड की डीजीपी तदाशा मिश्र ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि पहले शांति और सुरक्षा सुनिश्चित की जाए, उसके बाद ही रंगों का त्योहार मनाया जाए. सभी जिलों के एसपी और एसएसपी को सख्ती से गश्त, चेकिंग और कंट्रोल रूम मॉनिटरिंग के निर्देश दिए गए हैं.

 

Uploaded Image

 

तो इसी निर्देश पर एक होली पर विशेष पढ़ें जोगीरा स्टाइल में झारखंड के मुखिया से लेकर सभी जिले के कप्तान पर...

 

मुखिया- तदाशा मिश्र (डीजीपी, झारखंड)

डीजीपी मैडम सख्त मिजाज, मीटिंग जिनकी रोज,

होली में भी रिव्यू बैठक, रंग रहें संकोच!

जोगीरा सा रा रा रा...!

मैडम बोलीं- “पहले कानून संभालो”,

रंग-गुलाल बाद में खेलो, पहले सिस्टम संभालो!

जोगीरा सा रा रा रा…!

 

राकेश रंजन- एसएसपी, रांची

राजधानी के कप्तान साहब, वायरलेस जिनका हार,

होली में भी कंट्रोल रूम से- देते रहें पुकार!

जोगीरा सा रा रा रा...!

 

प्रभात कुमार- एसएसपी, धनबाद

कोयलांचल के सख्त अफसर, अपराधी रहें उदास,

होली में भी चेकिंग ऐसी- रंग रहें निराश!

जोगीरा सा रा रा रा...!

 

पीयूष पांडे- एसएसपी, पूर्वी सिंहभूम (जमशेदपुर)

हाईटेक कप्तान हमारे, CCTV की भरमार,

होली में भी स्क्रीन निहारें- रंग ढूंढे सरकार!

जोगीरा सा रा रा रा...!

 

अंजनी अंजन- एसपी, हजारीबाग

गश्ती में नंबर वन कप्तान, चौकन्ने दिन-रात,

होली में भी पेट्रोलिंग भारी- रंग करे फरियाद!

जोगीरा सा रा रा रा...!

 

सिद्दीकी अनवर रिजवी- एसपी, लोहरदगा

शांत मगर धारदार अधिकारी, आदेश रहें सख्त,

होली में भी कानून भारी- रंग रहें अल्पशक्त!

जोगीरा सा रा रा रा...!

 

सुमित कुमार अग्रवाल- एसपी, चतरा

जंगल-पहाड़ के धुरंधर साहब, रेड पड़े झटपट,

होली में भी दबिश ऐसी- रंग जाएं सटपट!

जोगीरा सा रा रा रा...!

 

कुमार गौरव- एसपी, लातेहार

जंगल के प्रहरी साहब, पैनी जिनकी नजर,

होली में भी रेड पड़ जाए- रंग जाएं किधर!

जोगीरा सा रा रा रा...!

 

रीष्मा रमेशन- एसपी, पलामू

मेदिनीनगर की धरती बोले, कप्तान बड़ी दबंग,

नाम सुनते ही अपराधी भागें, छोड़ के अपना संग!

जोगीरा सा रा रा रा...!

 

हरविंदर सिंह- एसपी, बोकारो

स्टील सिटी के प्लानर साहब, हर बिंदु पर ध्यान,

होली में भी ब्रीफिंग लंबी – जवान हुए हैरान!

जोगीरा सा रा रा रा...!

 

डॉ बिमल कुमार – एसपी, गिरिडीह

एक्शन में सबसे आगे, फैसले लें फटाफट,

होली में भी फाइलों संग – रंग रहे खटपट!

जोगीरा सा रा रा रा...!

 

सौरभ- एसपी, देवघर

बाबा नगरी के कप्तान जी, व्यवस्था रखें टाइट,

होली में भी कंट्रोल रूम से – आदेश डे-नाइट!

जोगीरा सा रा रा रा...!

 

पीतांबर सिंह खेरवार- एसपी, दुमका

रणनीति में माहिर साहब, ड्रोन रहे तैयार,

होली में भी आसमान देखें – रंग रहे लाचार!

जोगीरा सा रा रा रा...!

 

अजय कुमार- एसपी, रामगढ़

छावनी वाले कप्तान हमारे, चौक-चौराहा सील,

होली में भी फोर्स खड़ी – रंग मांगे अपील!

जोगीरा सा रा रा रा...!

 

हारिस बिन जमा- एसपी, गुमला

मैदान में खुद उतरें साहब, निरीक्षण करें खास,

होली में भी हेलमेट चेकिंग – जनता बोले “त्रास!”

जोगीरा सा रा रा रा...!

 

राजकुमार मेहता- एसपी, जामताड़ा

साइबर के ज्ञानी कप्तान, ठग रहें परेशान,

होली में भी मोबाइल चेक – रंग हुए हैरान!

जोगीरा सा रा रा रा...!

 

निधि द्विवेदी- एसपी, पाकुड़

पत्थरों की धरती के साहब, कार्रवाई में तेज,

होली में भी पहले कानून – फिर रंगों की सेज!

जोगीरा सा रा रा रा...!

 

अमित कुमार सिंह- एसपी, साहिबगंज

गंगा तट के सजग प्रहरी, नाव से करें गश्त,

होली में भी पहरा भारी – शरारती सब पस्त!

जोगीरा सा रा रा रा...!

 

श्रीकांत एस खोटरे- एसपी, सिमडेगा

फिट-फाट और खेलप्रेमी कप्तान, दौड़ में सबसे तेज,

होली में भी राउंड लगाएं – रंग रह जाए सेज!

जोगीरा सा रा रा रा...!

 

मनीष टोप्पो- एसपी, खूंटी

रणनीति के धुरंधर साहब, हर मोर्चे पर डट,

होली में भी प्लानिंग ऐसी – रंग गए सब सट!

जोगीरा सा रा रा रा...!

 

⁠अनुदीप सिंह- एसपी, कोडरमा

हीरा नगरी के कप्तान, चमके जिनका नाम,

होली में भी ब्रीफिंग लंबी – रंग हुआ बदनाम!

जोगीरा सा रा रा रा...!

 

मुकेश कुमार लुनायत- एसपी, सरायकेला-खरसावां

संयम और संतुलन वाले, हर कदम सोच-विचार,

होली में भी चौकसी ऐसी – रंग रहे बेकार!

जोगीरा सा रा रा रा...!

 

अमित रेणु- एसपी, पश्चिमी सिंहभूम (चाईबासा)

गंभीर और अनुशासित साहब, आदेश रहें कड़क,

होली में भी ड्यूटी जारी-रंग रहें भड़क!

जोगीरा सा रा रा रा...!

 

अमन कुमार- एसपी, गढ़वा

सीमांत के सजग प्रहरी, हर गतिविधि पर ध्यान,

होली में भी पहरा ऐसा- रंग गए हैरान!

जोगीरा सा रा रा रा...!

 

मुकेश कुमार- एसपी, गोड्डा

ऊर्जा नगरी के तेज तर्रार, फैसलों में दमदार,

त्योहार में भी चौकसी ऐसी – सब रहें सतर्क और तैयार।

मीटिंग, मॉनिटरिंग, पेट्रोलिंग – हर मोर्चे पर वार,

होली में भी मुस्कान संग – कानून रहे बरकरार!

जोगीरा सा रा रा रा...!

 

पूरे झारखंड के एसपी एक सुर में    

“पहले कानून-व्यवस्था, फिर रंगों का त्योहार, 

झारखंड पुलिस आपके साथ- मने सुरक्षित त्यौहार!” 

जोगीरा सा रा रा रा... बुरा ना मानो होली है!

Comments

Leave a Comment

Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

बेहतर न्यूज़ अनुभव
ब्राउज़र में ही
//