Lagatar Desk : महाराष्ट्र के नांदेड जिले में गुरुवार रात दर्दनाक सड़क हादसा हुआ. यहां नांदेड-भोकर मार्ग पर तेज रफ्तार ट्रक और पिकअप वाहन की जोरदार टक्कर हो गई. इस हादसे में 8 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई. मृतकों में एक पति-पत्नी और दो सगे भाई भी शामिल हैं.
जबकि घटना में 7 लोग घायल बताये जा रहे हैं. घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है. इनमें से कुछ लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है. हादसा इतना भीषण था कि ट्रक का अगला हिस्सा बुरी तरह टूट गया. वहीं पिकअप वाहन भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और सड़क किनारे जा गिरा.
टक्कर के बाद मची चीख-पुकार
पुलिस इंस्पेक्टर जगदीश वंडरवार के अनुसार, हादसे के समय दोनों वाहन तेज रफ्तार में थे. वाकद गांव के पास अचानक दोनों की आमने-सामने टक्कर हो गई. टक्कर की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू किया.
पिकअप वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया था और उसमें सवार कई लोग अंदर फंस गए थे. हादसे में ट्रक का अगला हिस्सा भी बुरी तरह टूट गया और चालक केबिन में फंस गया. पुलिस और बचाव दल ने काफी मशक्कत के बाद घायलों को बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया.
अस्पताल पहुंचे सांसद अशोक चव्हाण
हादसे की जानकारी मिलने के बाद देर रात सांसद अशोक चव्हाण अस्पताल पहुंचे. उन्होंने वहां भर्ती घायलों से मुलाकात की और उनका हाल जाना. उन्होंने डॉक्टरों और पुलिस अधिकारियों से भी हादसे की जानकारी ली और घायलों के इलाज के बारे में पूछा.
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. शुरुआती जानकारी के मुताबिक दोनों वाहनों की तेज रफ्तार हादसे की बड़ी वजह मानी जा रही है. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आखिर दोनों वाहनों की टक्कर किन हालात में हुई.