Search

 
 
 

बेंगलुरु में दिल दहला देने वाली वारदात, कैब ड्राइवर ने पत्नी समेत ससुराल के 7 लोगों को उतारा मौत के घाट

Lagatar Desk :  जानकारी के अनुसार, इंदुशेखर और सुनीता की शादी करीब 20 साल पहले हुई थी. शादी के बाद से ही दोनों के बीच अक्सर झगड़ा होता रहता था. बताया जाता है कि सुनीता के घर वाले पति-पत्नी के झगड़े में दखल देते थे. वहीं आरोपी जब सुनीता के घरवालों से अपनी पत्नी की शिकायत करता तो वो अपनी बेटी का ही पक्ष लेते, जिसको लेकर वह नाराज रहता था.
 
आरोपी कैब ड्राइवर

Lagatar Desk :  कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु से दिल दहला देने वाली खबर सामने आ रही है. यहां राजाजीनगर इलाके के भाश्यम सर्कल में एक कैब ड्राइवर ने घरेलू विवाद के चलते अपनी पत्नी समेत ससुराल के सात लोगों की बेरहमी से हत्या कर दी.  घटना पहले की बताई जा रही है, जिसका खुलासा गुरुवार देर हुआ. पुलिस ने आरोपी पति इंदुशेखर को गिरफ्तार कर लिया है. 

 

पति-पत्नी के झगड़े में दखल देने से नाराज होने पर हत्या की योजना बनाई

जानकारी के अनुसार, इंदुशेखर और सुनीता की शादी करीब 20 साल पहले हुई थी. शादी के बाद से ही दोनों के बीच अक्सर झगड़ा होता रहता था. बताया जाता है कि सुनीता के घर वाले पति-पत्नी के झगड़े में दखल देते थे. वहीं आरोपी जब सुनीता के घरवालों से अपनी पत्नी की शिकायत करता तो वो अपनी बेटी का ही पक्ष लेते, जिसको लेकर वह नाराज रहता था.

 

इसी रंजिश में आरोपी ने पूरे परिवार की हत्या की योजना बनाई. उसने ससुराल वालों को अलग-अलग दिन अपने किराए के मकान में बुलाया और सिल-बट्टे या भारी पत्थर से कुचकर अपनी पत्नी, सास, दो सालों, उनकी पत्नियों और 7 साल के मासूम बच्चे समेत सात लोगों की बेरहमी से हत्या कर दी. 

 

सुनीता के भाई की पत्नी की गुमशुदगी रिपोर्ट ने खोले राज

बताया जा रहा है कि सबसे पहले उसने अपनी पत्नी सुनीता की हत्या की. इसके बाद लोगों को गुमराह करने के लिए उसने पड़ोसियों से कहा कि सुनीता अपनी सहेलियों के साथ घूमने गई है. उसने उसका मोबाइल फोन भी बंद कर दिया, ताकि किसी को शक न हो. इसके बाद आरोपी ने शराब पीने के बहाने अपने दोनों सालों शिवकुमार और शंकर को घर बुलाया और उनको भी मौत के घाट उतार दिया.

 

इंदुशेखर ने फिर अपने दोनों सालों की पत्नी दिव्या और नलिनी को भी निशाना बनाया. इसके अलावा अपनी सास रूपवती और शंकर के सात वर्षीय बेटे पुनीत की भी हत्या कर दी. हत्या के बाद आरोपी शवों को अपनी कार में रखकर सुनसान इलाकों में ले जाता था और वहां फेंक देता था. इसके बाद घर लौटकर सबूत मिटाता.

 

इस पूरे मामले का खुलासा तब हुआ, जब नलिनी की मां ने उसके अचानक लापता होने की शिकायत पुलिस में दर्ज कराई. शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की. शक के आधार पर पुलिस ने  इंदुशेखर के किराए के मकान की तलाशी ली, तो वहां खून के निशान और कई अहम सबूत मिले. इसके बाद उससे सख्ती से पूछताछ की गई तो उसने सात लोगों की हत्या की बात कबूली, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया. 

 

झाड़ियों में मिला 7 साल के पुनीत का शव

आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने नंदी हिल्स में तलाशी अभियान चलाया और सात साल के पुनीत का शव झाड़ियों से बरामद किया. हालांकि बाकी छह लोगों के शव बरामद नहीं हुए है. पुलिस आरोपी की निशानदेही पर सभी शवों की तलाश कर रही है. पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि आरोपी ने किस तरह हत्याओं को अंजाम दिया और सबूत मिटाने के लिए क्या-क्या तरीके अपनाए.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही