Search

 
 
 

NTPC की जमीन पर पूर्व मंत्री के परिवार का बना मकान, बेटा खोलना चाहता था पेट्रोल पंप

yogendra saw family and NTPC: पूर्व विधायक निर्मला देवी ने बड़कागांव के खाता नंबर 220, प्लॉट नंबर 349 व 358 की जमीन, रतन लाल खंडेलवाल और शकुंतला देवी से मई 2015 में खरीदी थी. जमीन का क्षेत्रफल 1.08 एकड़ है. निर्मला देवी ने जमीन खरीदने के लिए वर्ष 2007 में रतन लाल खंडेलवाल से एग्रीमेंट किया था. यह एग्रीमेंट NTPC के लिए जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया के दौरान ही किया गया था.
 

Ranchi : पूर्व मंत्री योगेंद्र साव के परिवार ने NTPC की जिस जमीन पर मकान बना रखा है, अंकित राज इस जमीन पर पेट्रोल पंप खोलना चाहता था. लेकिन कानूनी लड़ाई में हाई कोर्ट ने उसकी याचिका खारिज कर दी है. साथ ही 1000 रुपये का दंड भी लगाया था. जमीन पूर्व विधायक निर्मला देवी के नाम पर खरीदी गयी थी. अंकित राज पूर्व मंत्री योगेंद्र साव का बेटा है.

 

पूर्व विधायक निर्मला देवी ने बड़कागांव के खाता नंबर 220, प्लॉट नंबर 349 व 358 की जमीन, रतन लाल खंडेलवाल और शकुंतला देवी से मई 2015 में खरीदी थी. जमीन का क्षेत्रफल 1.08 एकड़ है. निर्मला देवी ने जमीन खरीदने के लिए वर्ष 2007 में रतन लाल खंडेलवाल से एग्रीमेंट किया था. यह एग्रीमेंट NTPC के लिए जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया के दौरान ही किया गया था.

 

जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया के दौरान ही निर्मला देवी ने जमीन खरीदने के मुद्दे पर NTPC ने अनापत्ति प्रमाण पत्र (NOC) मांगी थी. NTPC ने इसके लिए NOC दी थी. इसके बाद निर्मला देवी के नाम पर इस जमीन की रजिस्ट्री वर्ष 2015 में हुई. रजिस्ट्री के दस्तावेज के अनुसार रतन लाल खंडेलवाल को जमीन के बदले सर्किल रेट से कम रुपये का भुगतान किया गया है. सर्किल रेट से जमीन का मूल्य 23.00 लाख रुपये था. लेकिन जमीन खरीद के दौरान सिर्फ 14.67 लाख रुपये का भुगतान किया गया.

 

जमीन की रजिस्ट्री से पहले ही NTPC के लिए जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया पूरी कर ली गयी थी. वर्ष 2009 में अधिग्रहण की प्रक्रिया पूरी करने के बाद NTPC ने अधिगृहित जमीन का मुआवजा देना शुरू किया था. इसी क्रम में निर्मला देवी के नाम पर खरीदी गयी जमीन के लिए बतौर मुआवजा NTPC ने 21.60 लाख रुपये का चेक दिया था. काफी कोशिश के बावजूद मुआवजा राशि लेने से इनकार करने के बाद NTPC ने नवंबर 2017 में ट्रिब्यूनल में जमा करा दिया.

 

इस बीच वर्ष 2014 में इंडियन ऑयल कारपोरेशन ने बड़कागांव क्षेत्र में पेट्रेल पंप के लिए आवेदन मांगा. योगेंद्र साव के बेटे अंकित राज ने यह जमीन अपनी मां निर्मला देवी से लीज पर लिया. इसके बाद उसने इंडियल ऑयल में पेट्रोल पंप खोलने के लिए आवेदन दिया. इंडियन ऑयल कारपोरेशन ने उसके आवेदन को स्वीकार कर लिया. आवेदन स्वीकार होने के बाद अंकित राज ने ले-आउट-प्लान तैयार कर उपायुक्त के पास स्वीकृति के लिए भेजा. 

 

उपायुक्त के स्तर से आवेदन को निपटाने में देर होने की वजह से अंकित राज ने हाईकोर्ट में याचिका दायर कर जल्द आवेदन निपटाने का आदेश देने का अनुरोध किया. न्यायालय ने याचिका की सुनवाई के बाद उसे उपायुक्त की अदालत में अपनी बात रखने का निर्देश दिया. कोर्ट के निर्देश के आलोक में उसने उपायुक्त के पास आवेदन दिया. 

 

तत्कालीन उपायुक्त रवि शंकर शुक्ला ने अंकित राज के आवेदन को खारिज कर दिया. क्योंकि जिस जमीन पर वह पेट्रोल पंप खोलना चाहता था, उसे NTPC के लिए अधिगृहित किया जा चुका था. तत्कालीन उपायुक्त द्वारा अक्तूबर 2017 में आवेदन खारिज किये जाने के बाद अंकित राज ने हाईकोर्ट में एक याचिका दायर की. इस में राज्य सरकार को भी प्रतिवादी बनाया. इसमें यह कहा गया कि जमीन का मालिकाना हक उसकी मां के पास है. उसने जमीन लीज पर ली है. इंडियन ऑयल ने पेट्रोल पंप खोलने के आवेदन स्वीकार कर लिया है. लेकिन उपायुक्त अनुमति नहीं दे रहे हैं.

 

हाईकोर्ट में याचिका की सुनवाई के दौरान अंकित राज की ओर से बार-बार समय मांगा जाता रहा. इससे नाराज अदालत ने उसे जनवरी 2024 में समय देने के अनुरोध को स्वीकार कर लिया. साथ ही यह भी कहा कि यह अंतिम मौका है. लेकिन अगली सुनवाई के दौरान अंकित राज की ओर से फिर समय मांगा गया. इस पर अदालत ने अपनी नाराजगी का इजहार करते हुए JHALSA में एक हजार रुपये जमा करने का निर्देश दिया. साथ ही इसके लिए चार सप्ताह का समय दिया और अगली सुनवाई के दिन JHALSA में पैसा जमा करने से संबंधित रसीद पेश करने का निर्देश दिया. ऐसा नहीं करने की स्थिति में याचिका स्वतः खारिज होने की बात कही. इस आदेश के मद्देनजर अगली सुनवाई पर अंकित की याचिका 11 जुलाई 2024 को कोर्ट ने खारिज कर दी.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही