- अवैध कोयला खनन का विरोध करने वालों पर हो रही है FIR
Dhanbad News : नेता प्रतिपक्ष व भाजपा के वरिष्ठ नेता बाबूलाल मरांडी ने शुक्रवार को मैथन में झारखंड सरकार पर जमकर निशाना साधा. उन्होंने दावा किया कि राज्य में अवैध कोयला खनन चरम पर है. साथ ही आरोप लगाया कि अवैध खनन का विरोध करने वाले ग्रामीणों के खिलाफ पुलिस प्राथमिकी दर्ज कर रही है.
उन्होंने कहा कि सीएम, मंत्री और अधिकारी जनता की समस्याओं के समाधान के बजाय अपनी तिजोरी भरने में लगे हैं. उन्होंने कहा कि सरकार की कथित मनमानी के कारण राज्य में अवैध खनन पर प्रभावी रोक नहीं लग पा रही है.

बाबूलाल भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ
मैथन में भाजपा कार्यकर्ताओं ने किया भव्य स्वागत
बाबूलाल मरांडी के शुक्रवार को मैथन मौजूमदार निवास पहुंचने पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया. इस दौरान पूर्व विधायक अपर्णा सेनगुप्ता, चिरकुंडा नगर अध्यक्ष सुनीता देवी, वरिष्ठ भाजपा नेता अशोक मंडल समेत सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे. कार्यकर्ताओं ने अंगवस्त्र पहनाकर और पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका अभिनंदन किया.
स्वागत समारोह के बाद मरांडी ने पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ संगठनात्मक बैठक की. बैठक में आगामी पार्टी कार्यक्रमों, बूथ सशक्तीकरण और जनसंपर्क अभियान को लेकर चर्चा हुई. उन्होंने कार्यकर्ताओं को संगठन मजबूत करने और जनता के बीच सक्रियता बढ़ाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए.

पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ संगठनात्मक बैठक
अवैध खनन का विरोध करने वाले ग्रामीणों की शिकायत का जिक्र
मीडिया से बातचीत के दौरान बाबूलाल मरांडी ने आरोप लगाया कि झारखंड में अवैध कोयला खनन के खिलाफ आवाज उठाने वाले लोगों को ही पुलिस कार्रवाई का सामना करना पड़ रहा है. उन्होंने कहा कि ग्रामीणों ने उनसे शिकायत की है कि अवैध खनन का विरोध करने पर उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज की जा रही है. मरांडी ने राज्य सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि जब विरोध करने वालों पर ही कार्रवाई होगी तो अवैध खनन पर अंकुश कैसे लगेगा.
नियुक्तियों को लेकर भी सरकार पर उठाए सवाल
नेता प्रतिपक्ष ने राज्य में विभिन्न पदों पर हुई नियुक्तियों को लेकर भी हेमंत सरकार की मंशा पर सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि नीरज सिन्हा, अनुराग गुप्ता और तदाशा मिश्रा की नियुक्तियों के मामलों में भी उन्होंने विरोध दर्ज कराया है. मरांडी के अनुसार, इन नियुक्तियों को लेकर सरकार की मंशा स्पष्ट नहीं है.
उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार मनमाने तरीके से काम कर रही है और जनता के हितों की अनदेखी की जा रही है. मैथन में आयोजित इस कार्यक्रम के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने संगठन को मजबूत करने और आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों को लेकर भी चर्चा की.