Search

 
 
 

कोयले के अवैध व्यापार में कितने निर्दोषों की जान लेगी राज्य सरकार : बाबूलाल

 
  • कोयला चोरी बंद कराए हेमंत सरकार
Ranchi :   नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने अपराधियों द्वारा एनटीपीसी हजारीबाग के डीजीएम गौरव कुमार की दिनदहाड़े हत्या किये जाने को लेकर पर राज्य सरकार पर निशाना साधा है. उन्होंने कहा कि हजारीबाग में एनटीपीसी कोयला परियोजना के डीजीएम गौरव कुमार की गोली मारकर हत्या किये जाने की घटना से स्तब्ध हूं. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने जिस प्रकार भड़काऊ बयान देकर कोयला कारोबार को प्रभावित करने की धमकी दी, उसके बाद से अपराधियों के हौसले और बुलंद हैं.

कोयला कारोबारी पर जानलेवा हमले के बाद भी पुलिस नहीं हुई सचेत 

कल 7 मार्च को रांची में एक कोयला कारोबारी पर जानलेवा हमले होने के बाद भी पुलिस सचेत नहीं हुई. अंततः अपराधियों ने एक युवा होनहार अधिकारी की जान ले ही ली. हेमंत सोरेन ने अपराधियों को उकसा कर कोयला कारोबार में खूनी संघर्ष का आगाज कर दिया है. न जाने कोयले के काले कारोबार में कितने निर्दोष लोगों की जान लेगी यह सरकार?

कोयले की चोरी “सरकारी तंत्र” के संरक्षण में हो रही

झारखंड में धनबाद, बोकारो, रामगढ़, हजारीबाग, चतरा के इलाके से प्रतिदिन हजारों ट्रक कोयले की चोरी “सरकारी तंत्र” के संरक्षण में हो रही है, जिसके वसूली का पैसा नीचे से ऊपर तक बंट रहा है. यदि इस चोरी पर रोक नहीं लगी, तो रोज इसी तरह हत्याएं होंगी, निर्दोष लोगों की जानें जाती रहेंगी. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के लिए यह उपयुक्त समय है कि सबसे पहले वे कोयले की चोरी बंद कराएं.

रक्षक ही भक्षक बने रहेंगे, तो कोयला चोरी व अपराध पर कैसे लगेगा अंकुश 

अपराधियों को पकड़ने के लिये एसआईटी बनाकर कार्रवाई करना अच्छी बात है. लेकिन इससे भी जरूरी है कि कोयला चोरी पर अंकुश लगाने के लिये ईमानदार अधिकारियों के नेतृत्व में एसआईटी बनायी जाए, क्योंकि जबतक रक्षक ही भक्षक बने रहेंगे, तबतक कोयला चोरी और इसको लेकर हो रहे अपराध पर अंकुश कैसे लगेगा? राज्य के डीजीपी तत्काल कोयला कारोबार के सुरक्षित संचालन के लिए सभी परियोजना अधिकारियों, कर्मचारियों और व्यवसायियों की सुरक्षा सुनिश्चित करें.
Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही