Search

Advertisement
Advertisement
Advertisement

तमाड़ का कितना हुआ विकास, अगले पांच साल का क्या है रोडमैप, क्या होंगी प्राथमिकताएं? विधायक ने बताया...

  • सिंचाई की सुविधाएं बढ़ेंगी
  • बेहतर पेसा नियमावली बनेगी
  • आर्ट और कल्चर विश्वविद्यालय की होगी स्थापना
  • स्वास्थ्य और शिक्षा व्यवस्था करेंगे सुदृढ़
Ranchi :  तमाड़ विधानसभा क्षेत्र का कितना विकास हुआ. किन चीजों से अब तक क्षेत्र अछूता रहा.  इस पर तमाड़ के वर्तमान विधायक विकास सिंह मुंडा ने अपनी बात रखी है. इस बार फिर से झामुमो ने विकास सिंह मुंडा पर दांव खेला है. लगातार न्यूज नेटवर्क के ब्यूरो प्रमुख प्रवीण कुमार ने विकास सिंह मुंडा से क्षेत्र के विकास, भविष्य की योजनाएं सहित कई मुद्दों पर विस्तृत बातचीत की. पेश है बातचीत के कुछ अंश... सवाल :  सत्ता पक्ष के विधायक होने के नाते आपकी सरकार की पांच साल की क्या उपलब्धियां रहीं? जवाब :  पिछले पांच सालों में केंद्र की मोदी सरकार ने देश में बढ़ती  महंगाई को रोकने की दिशा में कुछ काम नहीं किया. राज्य सरकार ने आम लोगों को राहत देने का काम किया, आम लोगों के हित के लिए  सरकार ने योजनाएं  बना कर उसे लागू किया. केंद्र सरकार ने हमेशा अड़ंगा डालने का प्रयास किया. सवाल :  राज्य सरकार ने किन जनकल्याणकारी योजनाओं को धरातल पर उतारा? जवाब :  राज्य सरकार ने सर्वजन पेंशन योजना की शुरुआत की.  अब जरूरतमंदों को पेंशन के लिए ब्लॉक के चक्कर नहीं लगाने पड़ते.    सरकार आम लोगों तक योजना लेकर पहुंची है.  यह राज्य में पहली बार हुआ है. सर्वजन पेंशन योजना की राशि 600 से बढ़ाकर एक हजार की गयी है. मंईयां सम्मान निधि योजना सरकार  लायी. सरकार राज्य की आधी आबादी को 2500 रुपया उनके खाते में हर माह  भेजने का काम कर रही है. इस योजना से भाजपा की नींद उड़ गई है.  हमारी सरकार की कई योजनाओं का लाभ राज्य के अंतिम पायदान पर खड़े लोगों को  मिल रहा है, जिसमें समाज का हर तबका शामिल है.  प्रमुख योजना में अबुआ आवास योजना, गुरुजी क्रेडिट कार्ड योजना ,सावित्री बाई फुले सर्वजन पेंशन योजना ,मरांग गोमके पारदेशीय छात्रवृति योजना, मंईयां सम्मान पेंशन योजना, कृषि ऋण माफी योजना, बिरसा हरित ग्राम योजना ,मुख्यमंत्री पशुधन विकास योजना, मुख्यमंत्री ग्राम गाड़ी योजना, पोटो हो खेलकूद विकास योजना, नीलांबर पीतांबर जल समृद्धि योजना  शामिल है. सवाल :   आप वर्तमान चुनाव को किस रूप में देख रहे हैं जवाब राजनीतिक दलों को चुनाव में जनता के बीच पांच सालों में आशीर्वाद लेने के लिए जाना पड़ता है . वर्तमान चुनाव में ज्यादा से ज्यादा  लोगों का आशीर्वाद मिलेगा, यह विश्वास है.  इसकी मुख्य वजह पिछले 10 सालों से  हमने क्षेत्र में काम किया है. लोगों की समस्याओं को दूर करने की पहल की है. चुनाव की चुनौतियां अलग-अलग हो सकती हैं, लेकिन हम कल भी आम जनों के बीच थे ,आज भी हैं और कल भी रहेंगे. सवाल :  तमाड़ विधानसभा क्षेत्र के  ग्रामीण इलाकों में आज भी लोगों के पास पक्के मकान नहीं हैं? जवाब : यह सच है कि हमारे विधानसभा क्षेत्र का अधिकांश हिस्सा ग्रामीण इलाका है.  एक  बडा इलाका वन क्षेत्र में मौजूद गांवो का भी है.  वहां लोगों के पास पक्के मकान नहीं हैं.  जब केन्द्र सरकार ने प्रधानमंत्री आवास योजना देना बंद किया तो राज्य सरकार ने अपने पैसे से अबुआ आवास योजना शुरू की.  सरकार पहले साल दो लाख लोगों को पक्के मकान के लिए पैसे दे रही है . दूसरे साल  में  चार लाख लोगों को आवास देने की योजना शुरू कर दी. हेमंत सरकार अगले पांच साल में 25 लाख लोगों के पक्के मकान बनवा रही है. सवाल :  पेसा नियमावली को लेकर आपकी क्या राय है? जवाब : ग्राम सभा स्वावलंबन की जो बात वर्षों से की जा रही है, . उस दिशा में हेमंत सरकार आगे बढ़ी है. वर्तनाम समय में पेसा नियमावली विधि विभाग के पास है, वहां से पारित होने के बाद एक बार टीएससी(जनजातीय परामर्शदातृ समिति) में चर्चा की जायेगी. जो सबसे बेहतर नियमवाली होगी. सवाल :  पांच साल में आप कौन सा काम पूरा नहीं कर सके? जवाब : मेरा प्रयास रहा था कि मेरे विधानसभा क्षेत्र में डिग्री और पीजी कॉलेज हो. इस दिशा में काम भी शुरू हो चुका है. बहुत कम समय में विधानसभा क्षेत्र में  डिग्री और पीजी कॉलेज होंगे. सवाल : आपके क्षेत्र में सिंचाई सुविधाओं की स्थिति क्या है? जवाब : आपको जानकारी के लिए बता दें कि मेरे विधानसभा क्षेत्र में पिछले पांच साल में सिंचिंत क्षेत्र बढ़े  हैं. अडकी प्रखंड का सोसोकुटी डैम का आउटलेट नष्ट हो गया था.  इस डैम से बहुत बड़ा इलाका सिंचित होता था.  उसका पुनर्निर्माण  कराया है. कांची नहर परियोजना इलाके की सबसे बड़ी सिचाई परियोजना है.  इसकी मुख्य नहर को बनवाया गया है. इसने सिंचित इलाके के अंतिम खेत तक पानी पहुंचाने का काम किया है. साथ ही रायसा डैम को लेकर काम शुरू किया गया है,  जिससे बड़े इलाके में सिचाई सुविधा उपलब्ध होगी. आने वाले दिनों में वर्षा  जल को संग्रहीत करने पर जोर होगा.  इस दिशा में  निर्माण के काम शुरू हुए है. जिससे किसानों को लाभ मिलेगा. इसे आने वाले समय में पूरा करना है. सवाल : अगले पांच सालों के लिए आपकी पांच प्राथमिकताएं क्या होगी? जवाब :  अगले पांच सालों में क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधा बेहतर करने के साथ-साथ आर्ट और कल्चर विश्वविद्यालय की स्थापना क्षेत्र में हो, इसकी पहल हमने की है.  इसे लेकर एक कमेटी भी बनी है. यह 6 माह में अपनी रिपोर्ट सरकार को देगी. यह विधानसभा क्षेत्र के साथ-साथ राज्य के लिए भी गौरव का विषय होगा. इसके अलावा वर्षा जल को रोक कर सालों भर खेतों तक पानी पहुंचाने के दिशा में काम शुरु हुआ है, जिसे पूरा करना है. साथ ही आवागमन को सुगम बनाने के लिए सड़कों के निर्माण के साथ लोगों की समस्याएं दूर करना हमारी प्राथमिकता में है.  इसके अलावा स्थानीय स्तर पर लोगों  को रोजगार उपलब्ध हो सके, इस पर काम किया जाना है.

Comments

Leave a Comment

Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही