- महिला IPS के आरोपों के बाद जहर खाने वाले उदय ने लिखा सुसाइड नोट
- महिला IPS के साथ रिश्ते में होने का किया दावा, चार लोगों को जिम्मेदार ठहराया
Hyderabad : हैदराबाद स्थित सरदार वल्लभभाई पटेल राष्ट्रीय पुलिस अकादमी (SVPNPA) में दो ट्रेनी IPS अधिकारियों के बीच विवाद का मामला लगातार गंभीर होता जा रहा है. महिला ट्रेनी IPS की शिकायत पर यौन उत्पीड़न समेत कई धाराओं में केस दर्ज होने के बाद अब आरोपी ट्रेनी IPS उदय कृष्ण रेड्डी के कथित सुसाइड नोट ने पूरे मामले में नया मोड़ ला दिया है.

उदय कृष्ण रेड्डी ने कथित तौर पर जहरीला पदार्थ खाने से पहले अपने हाथ पर एक नोट लिखा. इसमें उन्होंने महिला ट्रेनी IPS द्वारा लगाए गए आरोपों को गलत बताया और दावा किया कि दोनों के बीच लंबे समय से संबंध थे. उन्होंने कथित नोट में दावा किया कि दोनों जून 2025 से रिश्ते में थे और महिला अधिकारी की शादी के बाद भी उनके बीच भावनात्मक और शारीरिक संबंध बने रहे.

9 जुलाई की घटना को लेकर अलग दावा
कथित नोट में उदय कृष्ण रेड्डी ने 9 जुलाई की घटना को लेकर महिला अधिकारी के आरोपों से इनकार किया है. उन्होंने दावा किया कि महिला ट्रेनी IPS खुद उनके कमरे में आई थीं और दोनों के बीच विवाद हुआ था. उदय ने यह भी दावा किया कि महिला अधिकारी ने उन्हें किस किया और गले लगाया.
उदय के अनुसार उन्होंने इस घटना को रिकॉर्ड किया और बाद में महिला के पति को वीडियो भेजा. उनका दावा था कि महिला को पहले भी उनके कमरे में नहीं आने के लिए कहा गया था. उन्होंने आरोप लगाया कि बाद में पूरे घटनाक्रम को अलग तरीके से पेश कर उनके खिलाफ मारपीट और यौन उत्पीड़न के आरोप लगाए गए.
चार लोगों को ठहराया जिम्मेदार
कथित सुसाइड नोट में उदय कृष्ण रेड्डी ने महिला ट्रेनी IPS, उनके पति और महिला की दो सहेलियों के नाम लिखे हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि इन लोगों ने पूरी घटना जाने बिना महिला को उकसाया. उदय ने अपनी मौत के लिए इन चारों को जिम्मेदार बताते हुए उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है.उन्होंने यह भी दावा किया कि उनके मोबाइल फोन में दोनों के रिश्ते और घटनाओं से जुड़े साक्ष्य मौजूद हैं.
जहर खाने के बाद अस्पताल में भर्ती
आरोप है कि पुलिस केस दर्ज होने के बाद उदय कृष्ण रेड्डी अकादमी से चले गए थे. सोमवार को उन्होंने मोती नगर स्थित अपने रिश्तेदार के घर पर कथित तौर पर जहरीला पदार्थ खा लिया. इसके बाद उन्हें SR नगर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है.इससे पहले उदय ने सोशल मीडिया पर अपने खिलाफ लगाए जा रहे आरोपों और अफवाहों को गलत बताया था.
महिला IPS की शिकायत पर दर्ज है केस
महिला ट्रेनी IPS ने 18 जुलाई को पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी. शिकायत में आरोप लगाया गया कि 23 जून से 10 जुलाई के बीच उदय कृष्ण रेड्डी ने उन्हें परेशान किया, आपत्तिजनक संदेश भेजे, धमकी दी और उनकी सहमति के बिना निजी वीडियो रिकॉर्ड कर उनके पति को भेजा.
महिला अधिकारी ने यह भी आरोप लगाया कि उदय उनका मोबाइल फोन अपने कमरे में ले गए और पासवर्ड बताने के लिए दबाव बनाया. शिकायत के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के साथ सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है.
पुलिस अब महिला अधिकारी की शिकायत, उदय कृष्ण रेड्डी के कथित सुसाइड नोट और दोनों पक्षों द्वारा बताए जा रहे डिजिटल साक्ष्यों की जांच कर रही है. जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी.
कॉन्स्टेबल से IPS तक का सफर
उदय कृष्ण रेड्डी मूल रूप से आंध्र प्रदेश के प्रकाशम जिले के रहने वाले बताए जाते हैं. उन्होंने 2013 में पुलिस विभाग में कॉन्स्टेबल के रूप में नौकरी शुरू की थी. बाद में सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी के लिए नौकरी छोड़ दी. कई प्रयासों के बाद उन्होंने सिविल सेवा परीक्षा में सफलता हासिल की और ऑल इंडिया रैंक 350 प्राप्त कर IPS अधिकारी बने.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें
Leave a Comment