Search

Advertisement
Advertisement
Advertisement

1 जनवरी से महंगी हो जायेंगी Hyundai की गाड़ियां, दूसरी कंपनियां भी होड़ में...

LagatarDesk :  अगर आप नये साल में गाड़ी खरीदने का प्लान बना रहे हैं तो ये खबर आपके लिए है. हुंडई मोटर इंडिया लिमिटेड (HMIL) ने अपनी सभी मॉडल्स की गाड़ियों के दाम बढ़ाने का फैसला लिया है. HMIL गाड़ियों के दाम में 25,000 रुपये तक की बढ़ोतरी करेगा. नई कीमतें 1 जनवरी से लागू होंगी. कीमतों में बढ़ोतरी की मुख्य वजह इनपुट कॉस्ट में लगातार वृद्धि होना है. इसके अलावा प्रतिकूल विनिमय दर (एडवर्स एक्सचेंज रेट) और लॉजिस्टिक्स कॉस्ट का बढ़ने के कारण में कीमतों में वृद्धि की जा रही है. बता दें कि एक कंपनी अगर गाड़ियों के दाम बढ़ाती है तो दूसरी कंपनियां भी कीमतों में बढ़ोतरी करती है. ऐसे में नये साल में दूसरी कंपनियों के कार भी महंगी हो सकती है.

इनपुट कॉस्ट में बढ़ोतरी के कारण कीमतों में वृद्धि आवश्यक : तरुण गर्ग 

HMIL के पूर्णकालिक निदेशक और मुख्य परिचालन अधिकारी तरुण गर्ग ने कहा कि हमारा प्रयास हमेशा बढ़ती लागत को यथासंभव हद तक वहन करने का होता है, जिससे हमारे ग्राहकों पर न्यूनतम प्रभाव सुनिश्चित हो सके. आगे कहा कि इनपुट कॉस्ट में लगातार बढ़ोतरी के कारण कीमतों में वृद्धि करना आवश्यक हो गया था. तरुण गर्ग ने कहा कि सभी मॉडल्स की गाड़ियों की कीमतों में बढ़ोतरी की जायेगी और अधिकतम 25,000 रुपये तक बढ़ाये जायेंगे. कीमतों में बढ़ोतरी 1 जनवरी, 2025 से लागू हो जायेगी.

हुंडई की गाड़ियां जनवरी 2023, फिर अप्रैल 2024 में हुई थी महंगी 

बता दें कि हुंडई मोटर इंडिया ने इससे पहले जनवरी 2023, फिर अप्रैल 2024 में कार की कीमतें बढ़ायी थीं. जनवरी 2023 में भी कंपनी ने इनपुट कॉस्ट में बढ़ोतरी का हवाला देकर सभी मॉडल्स के कार की कीमतों में औसतन 1.5%-2% तक बढ़ोतरी की थी. वहीं कंपनी ने अप्रैल 2024 में BS6 फेज-II नॉर्म्स के कारण मॉडल्स में किये गये अपडेट्स के चलते कार के दाम बढ़ाये थे. यह बढ़ोतरी ग्राहकों की बढ़ती मांग और नई सर्विसेज को जोड़ने के बावजूद कॉस्ट कंट्रोल करने के लिए की गयी थी.

अप्रैल-सितंबर तक 3,83,994 यूनिट्स यात्री वाहन की हुई बिक्री

HMIL ने अप्रैल से सितंबर 2024 तक कुल 3,83,994 यूनिट्स यात्री वाहन बेचे हैं. इसमें एसयूवी सेगमेंट के मजबूत योगदान के साथ घरेलू बाजार बिक्री 2,99,094 यूनिट्स की रही. इस दौरान कंपनी ने 84,900 यूनिट्स का निर्यात किया है.अकेले नवंबर में हुंडई मोटर इंडिया ने 61,252 यूनिट्स की कुल मासिक बिक्री दर्ज की. महीने के दौरान कंपनी की घरेलू बिक्री 48,246 यूनिट्स रही. जबकि निर्यात बिक्री 13,006 इकाई रही.

कंसोलिडेटेड मुनाफे में 16 प्रतिशत की गिरावट

वित्त वर्ष 25 की दूसरी तिमाही (जुलाई- सितंबर) में HMIL के कंसोलिडेटेड मुनाफे में 16 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गयी है. यह 1,375 करोड़ रुपये रह गया है. पिछले साल समान अवधि में कंपनी को 1,628 करोड़ रुपये का मुनाफा हुआ था. मुनाफे में गिरावट की वजह घरेलू और निर्यात बाजार में कमजोर बिक्री होना है. 2024-25 की दूसरी तिमाही में कंपनी की कंसोलिडेटेड आय 7.5 प्रतिशत घटकर 17,260 करोड़ रुपये हो गयी है, जो पिछले वर्ष की समान तिमाही में 18,660 करोड़ रुपये थी.

Comments

Leave a Comment

Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही