Lagatar Desk: पूर्व स्पिनर हरभजन सिंह ने मंगलवार को आईसीसी और संबंधित क्रिकेट बोर्डों से भारत-पाकिस्तान मैचों के दौरान खिलाड़ियों के बर्ताव पर लगाम कसने की अपील करते हुए कहा कि दोनों टीमों की प्रतिक्रियायें भावी पीढ़ी के लिए एक "शर्मनाक" मिसाल पेश करती हैं.
दोहा में एशिया कप राइजिंग स्टार्स मैच में पाकिस्तान ए के हाथों भारत ए की 48 रन से हार के बाद दोनों टीमों के खिलाड़ियों में हुई तीखी बहस का हवाला देते हुए हरभजन ने कहा कि दोनों टीमों का बर्ताव उचित नहीं था.
समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक हरभजन ने एचएसबीसी गोल्फिंग लीग के लांच से इतर कहा ,‘‘ आईसीसी और दोनों क्रिकेट बोर्ड को दखल देना होगा . भारत और पाकिस्तान के खिलाड़ियों की प्रतिक्रिया सही नहीं थी. यह शर्मनाक है और आने वाली पीढी के लिये खराब मिसाल पेश करती है.’’
भारत पाकिस्तान मैच काफी तनावपूर्ण रहा.
भारत ए के कप्तान तिलक वर्मा और पाकिस्तान ए के कप्तान अब्दुल समद ने टॉस के समय हाथ नहीं मिलाया. मैदान पर पाकिस्तान ए की पारी के दौरान भारतीय तेज गेंदबाज हर्षित राणा और पाकिस्तान के सलामी बल्लेबाजी शामिल हुसैन और माज सदाकत के बीच बहस हो गई. बाद में राणा के शून्य पर आउट होने पर पाकिस्तानी स्पिनर सूफियान मोकिम ने छींटाकशी की जब उनके साथी खिलाड़ी ने उन्हें रोका.
हरभजन ने न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टेस्ट में 15 ओवर बाकी रहते ड्रॉ पर सहमति जताने पर भी सवाल उठाते हुए कहा, “मैं होता तो पूरे 15 ओवर खेलना चाहता. अनिल कुंबले की सोच भी आखिरी गेंद पर लड़ने की थी . मुझे याद है कि सिडनी में आखिरी दो ओवर में माइकल क्लार्क ने दो विकेट लिये थे. कोई नहीं जानता कि 15 ओवर में क्या हो सकता है. ’’
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.