Saraikela : सरायकेला-खरसावां जिले के ईचागढ़ थाना क्षेत्र स्थित सालुकडीह गांव में 22 जून की रात हुए जानलेवा हमले को लेकर आज पीड़ित परिवार ने एक प्रेस वार्ता आयोजित की. प्रेस वार्ता में परिवार ने घटना की जानकारी देते हुए पुलिस प्रशासन पर गंभीर सवाल उठाए और आरोपी की जल्द गिरफ्तारी की मांग की.

धीरेंद्र नाथ महतो
पीड़ित परिवार ने बताया कि 22 जून की रात करीब 8-9 बजे के बीच पुरानी रंजिश को लेकर गांव के ही धीरेंद्र नाथ महतो ने लोहे की रॉड से राजेश महतो पर जानलेवा हमला किया. शोर सुनकर बीच-बचाव करने पहुंचीं उनकी पत्नी सुमिला महतो तथा दोनों बेटियां अर्चना (15 वर्ष) और सुलोचना पर भी हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया. आरोपी की पत्नी ने भी मारपीट में साथ दिया।
घायलों को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ईचागढ़ ले जाया गया, जहां से एमजीएम अस्पताल जमशेदपुर रेफर किया गया. हालत गंभीर होने पर सभी को रांची रिम्स भेजा गया, जहां उनका इलाज चल रहा है प्रेस वार्ता में पीड़ित परिवार के सदस्यों ने कहा कि घटना के छह दिन से अधिक समय बीत जाने के बावजूद मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है. इससे परिवार में भय का माहौल है और उन्हें लगातार अपनी सुरक्षा की चिंता सता रही है. उनका कहना है कि उन्हें बिना किसी वजह के बेरहमी से पीटा गया और जान से मारने की धमकी भी दी गई.
परिवार ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी का पहले से आपराधिक इतिहास रहा है, इसके बावजूद अब तक उसके खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई. उन्होंने कहा कि मामले की जानकारी केंद्रीय मंत्री संजय सेठ, डुमरी विधायक जयराम महतो सहित अन्य जनप्रतिनिधियों को भी दी गई है, लेकिन अब तक न्याय नहीं मिला है.
पीड़ित परिवार ने ईचागढ़ थाना पुलिस, जिला प्रशासन एवं राज्य सरकार से निष्पक्ष जांच, आरोपी धीरेंद्र नाथ महतो की अविलंब गिरफ्तारी तथा परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। उनका कहना है कि उन्हें पुलिस प्रशासन और न्याय व्यवस्था पर भरोसा है और उम्मीद है कि दोषियों के खिलाफ जल्द सख्त कार्रवाई होगी।
इस घटना को लेकर क्षेत्र के ग्रामीणों में भी आक्रोश है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होती है तो लोगों का कानून-व्यवस्था पर से विश्वास कमजोर होगा। उन्होंने प्रशासन से जल्द कार्रवाई कर पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की है.
Leave a Comment