Search

 
 
 

हेमंत सरकार फिर आयी तो झारखंड को बर्बाद कर देगी : शिवराज

 
  • हेमंत सरकार करती है बांगलादेश के घुसपैठियों का स्वागत जिसने भ्रष्टाचार किया है, उसको भाजपा छोड़ेगी नहीं
Ranchi :  केंद्रीय मंत्री सह झारखंड बीजेपी के चुनाव प्रभारी शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि आज दाना तूफान आ रहा है, ये तूफान तो दो दिन में निकल जायेगा, लेकिन यदि हेमंत सरकार एक बार और आयी, तो झारखंड को बर्बाद कर देगी. चौहान गुरुवार को भाजपा उम्मीदवार नवीन जायसवाल के समर्थन में आयोजित जनसभा को संबोधित कर रहे थे.

ऐसी सरकार को बर्दाश्त करोगे क्या

शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि कल ही एक बेटी का बलात्कार रांची में हुआ. 7,400 बलात्कार इस सरकार में हुए हैं. रुबिका पहड़िया जैसी बेटियों को काट कर फेंक दिया गया. ऐसी सरकार को बर्दाश्त करोगे क्या? हमारी बेटी अपमानित है, माता अपमानित है. बांग्लादेशी आकर यहां बेटियों से शादी करते हैं और जमीन पर कब्जा कर लेते हैं. बांग्लादेश के घुसपैठियों का स्वागत हेमंत सरकार करती है. पांच साल के लिए अगर ये सरकार आ गयी, तो झारखंड बर्बाद हो जायेगा.

जेएमएम के नेता तो 12 महीने ही खाते हैं

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि हमने कुंभकर्ण के बारे में सुना था, वो 6 महीने जागता था और 6 महीने सोता था. वो जागने पर खाता ही रहता था. लेकिन ये जेएमएम के नेता तो 12 महीने खाते हैं. ये बालू खा गये, मिट्टी खा गये, कोयला खा गये. ये जनता का पैसा खा गया, इनसे बदला लेने का समय आ गया है. प्रधानमंत्री जी ने पीने के पानी के लिए पाइपलाइन बिछाने के लिए करोड़ों रुपये भेजे लेकिन ये पैसे कांग्रेस और जेएमएम की सरकार खा गयी. मोदी की सरकार दिल्ली में है, वो जो पैसे भेजते हैं, गठबंधन की सरकार खा जाती है, इस बार इस गठबंधन को हराना है.

किसी को नहीं मिली नौकरी

झारखंड बीजेपी के चुनाव प्रभारी ने कहा कि हेमंत सोरेन ने 5 लाख नौकरी हर साल देने का वादा किया था. 4 साल 10 महीने में नौकरी किसी को नहीं मिली. आखिरी समय में नौकरी के लिए नौजवान को दौड़ा दिया. ऐसा दौड़ाया कि वो वापस नहीं लौट पाये, उनके मृत शरीर वापस आये. जिन्होंने पेपर लीक किया है, वो सभी जेल भेजे जायेंगे, वो बचेंगे नहीं. गलत एग्जाम के आधार पर रिजल्ट नहीं आयेगा. मैं भाजपा की तरफ से कह रहा हूं कि 2.86 लाख पद पहली कैबिनेट बैठक के बाद भर दिये जायेंगे. हम कैलेंडर बनायेंगे. जिसने भ्रष्टाचार किया है, उसको भाजपा छोड़ेगी नहीं. ये चुनाव झारखंड के भविष्य को बचाने का चुनाव है. यह माटी, रोटी और बेटी बचाने का चुनाव है.  
Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही