Search

 
 
 

अगर DMK कांग्रेस से ‘बदला’ ले रहा, तो शरद पवार के ‘यूटर्न’ के मायने क्या हैं?

Delimation Bill DMK- NCP क्या एनसीपी (शरद पवार) ने अचानक में यह फैसला लिया है या फिर इसकी पटकथा पहले से लिखी जा रही थी. जबकि पार्टी की कार्यकारी अध्यक्ष और लोकसभा में सांसद सुप्रिया सुले हाल-फिलहाल चुनावी धांधली को लेकर हुए 'INDIA' गठबंधन के विरोध-प्रदर्शनों में अहम चेहरा थीं.
 
एमके स्टालिन और शरद पवार

संसद में महिला आरक्षण से जुड़े परिसीमन विधायक को डीएमके के समर्थन देने की घोषणा और शरद पवार की एनसीपी (एसपी) के बदले रुख से एक साथ कई सवाल उठ रहे. साथ ही इसके राजनीतिक मायने भी निकाले जाने लगे हैं. डीएमके प्रमुख एमके स्टालिन और शरद पवार की एनसीपी के बदले रुख में एक बात साफ तौर पर रेखांकित की जा रही है कि तामिलनाड़ु विधानसभा चुनाव के नतीजों के बाद टीवीके को कांग्रेस का समर्थन देने का ‘बदला’ स्टालिन चुका रहे. लेकिन कल तक इंडिया ब्लॉक के साथ गलबहियां डाले चल रहे शरद पवार की पार्टी ने परिसीमन बिल के मुद्दे पर यूटर्न क्यों लिया.

 

क्या एनसीपी ने अचानक में यह फैसला लिया है या फिर इसकी पटकथा पहले से लिखी जा रही थी. जबकि पार्टी की कार्यकारी अध्यक्ष और लोकसभा में सांसद सुप्रिया सुले हाल-फिलहाल चुनावी धांधली को लेकर हुए 'INDIA' गठबंधन के विरोध-प्रदर्शनों में अहम चेहरा थीं.

 

एनसीपी की इस पटकथा की चर्चा आगे करते हैं, उससे पहले एमके स्टालिन के बिल के समर्थन में आने की वजहों को लेकर जिन कयासों का दौर शुरू है, उसमें एक बात रेखांकित की जा रही है कि उन्होंने  कांग्रेस को जोर का झटका धीरे से दिया है. अब कांग्रेस की तरफ से उन्हें मनाया जा रहा. इससे पहले स्टालिन ने राहुल गांधी के एक्स पर किए एक पोस्ट को शेयर करते हुए राजनीतिक चतुराई से जवाब दिया है- "संविधान और राज्यों के अधिकारों की रक्षा में डीएमके की ऐतिहासिक भूमिका को स्वीकार करने के लिए मैं अपने भाई राहुल गांधी का हार्दिक आभार व्यक्त करता हूं. हमने हमेशा और हर फैसला तमिलनाडु और अपने तमिल लोगों के हितों को सर्वोपरि रखते हुए लिया है. हम इस रास्ते पर कभी समझौता नहीं करेंगे."

 

इसी साल मई में आए तामिलनाडु विधानसभा चुनाव के नतीजों के बाद थलपति विजय की पार्टी पार्टी तमिलगा वेत्री कड़गम (TVK) 108 सीटों के साथ सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी थी, जिससे उसे बहुमत के आंकड़े तक पहुँचने के लिए और विधायकों के समर्थन की आवश्यकता थी. तमिलनाडु विधानसभा की कुल 234 सीटों में से सरकार बनाने के लिए 118 विधायकों का समर्थन जरूरी है. टीवीके की सरकार बनाने के लिए कांग्रेस ने भी समर्थन दिया था और मंत्रिमंडल में शामिल भी हुई. कांग्रेस का साथ मिलने से थलपति विजय ने सीएम पद की शपथ ली थी.

 

ऐसा कांग्रेस ने तब किया, जबकि चुनाव में वह डीएमके के साथ थी. डीएमके के साथ कांग्रेस के पुराने रिश्ते में तभी दरार पड़ गयी थी. अलबत्ता डीएमके ने लोकसभा में अपने सांसदों के लिए अलग बैठने की मांग की, जिसे स्पीकर ने स्वीकार भी किया. और अब 6 महीने के अंदर ही तस्वीर बदलती दिख रही है. बदली राजनीतिक परिस्थितियों में इसे 'बदला' के तौर पर देखा जा रहा. डीएमके लोकसभा में 22 सांसद हैं और अगर डीएमके के सांसद परिसीमन बिल के समर्थन में जाते हैं, तो एनडीए को बिल पारित कराने में बड़ी मदद मिलेगी.

 

वरिष्ठ पत्रकार और राजनीतिक विश्लेषक बैजनाथ मिश्र कहते हैं, “तामिलनाड़ु में डीएमके के साथ मिलकर चुनाव लड़ने वाली कांग्रेस ने चुनाव नतीजों के बाद अपना पाला बदला, उससे स्टालिन के साथ पार्टी का एक बड़ा धड़ा खासा नाराज हुआ. वह खुंदक तो डीएमके को है ही. बाद में अगर बात बढ़ी, तो इससे डीएमके को यह कहने का मौका मिल गया कि कांग्रेस ने उसे धोखा दिया है. दूसरा- डीएमके परिसीमन को लेकर इसका भी पक्षधर रहा है कि अगर सीटों की संख्या बढ़ाई जाती है, तो किसी भी हालत में में निचले सदन में तमिलनाडु की मौजूदा सीटों की हिस्सेदारी कम नहीं होनी चाहिए. बिल में सभी राज्यों में सीटों में 50 प्रतिशत बढ़ोतरी का प्रस्ताव है. उस फ़ॉर्मूले के तहत लोकसभा में तमिलनाडु की सीटें भी बढ़ेंगी. इसलिए राजनीतिक चतुराई से स्टालिन ने राहुल को जवाब दे दिया है कि तामिलनाड़ु का हित ही उनके लिए सर्वोपरि है. अब जो मान मनौव्वल का दौर शुरू हुआ है उसे देखा जा सकता है.” 

 

Uploaded Image

तो शरद पवार की एनसीपी ने क्यों रुख बदला

गौर कीजिये, संसद का विशेष सत्र बुलाने की घोषणा  के साथ  ही राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद पवार गुट)  ने पार्टी के सांसदों के लिए व्हिप  जारी कर दिया था.  इस बीच अपनी पार्टी का रुख़ स्पष्ट करते हुए एनसीपी नेता जितेंद्र आव्हाड ने कहा  कि पार्टी के अंदर हुई चर्चा यह विचार सामने आया है कि परिसीमन एक संवैधानिक ज़रूरत है. उन्होंने कहा, "परिसीमन की प्रक्रिया संवैधानिक रूप से ज़रूरी है. इस प्रक्रिया का समर्थन करने का फ़ैसला लिया गया है. हम निश्चित रूप से परिसीमन का समर्थन करेंगे."

 

लोकसभा में एनसीपी (शरद) के आठ सांसद हैं. एनसीपी नेता के इस बयान पर विपक्षी दलों कांग्रेस और शिवसेना (यूबीटी) की ओर से तीखी प्रतिक्रियाएं भी सामने आईं. शिवसेना (उद्धव ठाकरे गुट) के सांसद संजय राउत ने भी शरद पवार गुट को निशाने पर लेते हुए यहां तक कहा, "चलिए, शरद पवार गुट को दिखाते हैं कि महाराष्ट्र क्या है. शरद पवार महा विकास अघाड़ी की ओर से राज्यसभा के लिए चुने गए हैं. सुप्रिया सुले जानती हैं कि कई लोग इसके विरोध में थे. और अगर आप महाराष्ट्र विरोधी रुख़ अपनाते हैं, तो महाराष्ट्र आपको माफ़ नहीं करेगा."

इसी सिलसिले में महाराष्ट्र कांग्रेस ने अपने X हैंडल पर कहा कि पार्टी 85 साल की उम्र में शरद पवार को वापस राज्यसभा भेजने के लिए मजबूती से उनके साथ खड़ी रही. इस पोस्ट में कहा गया, "मार्च 2026 में महाराष्ट्र की 7 राज्यसभा सीटों के लिए चुनाव होने थे. नेशनलिस्ट कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के पास केवल 10 विधायक थे. चुनाव जीतने के लिए एक उम्मीदवार को 36 वोटों की जरूरत थी. कांग्रेस के पास 16 विधायक थे, जबकि शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के पास 20 विधायक थे. सुप्रिया सुले ने शरद पवार की उम्मीदवारी के लिए कांग्रेस नेताओं से समर्थन मांगा। राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे बिना किसी हिचकिचाहट के इसके लिए सहमत हो गए."


 

सुप्रिया सुले के राजनीतिक भविष्य  का रास्ता तलाश रहे

वरिष्ठ पत्रकार बैजनाथ मिश्र कहते हैं, “शरद पवार उम्र के जिस पड़ाव और महाराष्ट्र की राजनीति में जिस दौर से गुजर रहे हैं, उनमें वह अब कम से कम अपनी बेटी सुप्रिया सुले के लिए राजनीतिक अस्तित्व को सेट करने की कोशिश करते दिख रहे हैं. जो तस्वीरें उभर रही हैं, उसमें गुंजाइश पूरी है कि भविष्य में केंद्रीय मंत्रिमंडल में फेरबदल हुआ, तो सुप्रिया सुले को शामिल किया जा सकता है. पवार की पार्टी ने बिल का समर्थन का फैसला तत्काल नहीं लिया है. अंदर ही अंदर बिसात बिछायी जा रही होगी. साथ ही शरद पवार कब से कांग्रेस के अटूट विश्वासी हो गए. कांग्रेस से अलग होकर ही तो  उन्होंने पार्टी बनायी ”

 

उन्होंने आगे कहा, " एनसीपी के दो टुकड़े पहले ही हुए हैं और उनके भतीजे अजीत पवार का गुट सत्ता में शामिल है. अलबत्ता इस तोड़फोड़ में शरद पवार का चुनाव चिह्न भी छीन लिया गया था. इससे इनकार नहीं किया जा सकता कि अब शरद पवार का गुट अजीत पवार वाले धड़े में शामिल हो जाए. साथ ही फडनवीस सरकार में जगह देने की भी बातचीत हो रही हो. 

 

अंदरखाने से जो बातें छनकर बाहर निकल रही हैं, उसमें शरद पवार की पार्टी के भीतर एक धड़े का मानना ​​है कि संसद में विधेयक को औपचारिक समर्थन देने से पहले सत्ता-साझाकरण के फॉर्मूले को तय कर लेने पर ही फोकस किया गया है. हालांकि इसकी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं है.

 

जाहिर तौर पर एनसीपी (शरद पवार) के इस रूख से जहां, इंडिया गठबंधन के माथे पर बल पड़े, वहीं एनडीए को राहत महसूस हुई. सवाल यह भी उठ रहा कि क्या क्या परिसीमन बिल विपक्षी एकता के लिए एक और बड़ी चुनौती बन गया है? हालांकि, इंडिया गठबंधन के लिए यह पहला मौका नहीं है, जब सहयोगी दलों के बीच किसी मुद्दे पर असहमति या पाला बदल की तस्वीर सामने आई हो. इससे पहले भी सीटों के बंटवारे और चुनावी रणनीति को लेकर गठबंधन में खींचतान देखने को मिली है.

 

संख्या बल के जोड़-तोड़ के खेल में यह भी मालूम पड़ता है कि संसद के विशेष सत्र को लेकर इंडिया गठबंधन की ओर से उठते तमाम सवालों और टीका-टिप्पणी के बीच बीजेपी और केंद्र की सरकार अंदर ही अंदर बहुमत का जुगाड़ करने में पहले से जुटी थी और उसे लगा कि अब लोहा गर्म है, तो तारीख की घोषणा की गई. क्योंकि अप्रैल महीने में बिल के  गिर जाने के बाद अब सरकार किसी हाल में हथेली जलाना नहीं चाहेगी.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही