Search

 
 
 

परिसीमन में आदिवासी सीटें घटाने की कोशिश हुई तो होगा विरोध: लक्ष्मी नारायण मुंडा

मुंडा ने कहा कि झारखंड में खनन, औद्योगिकीकरण, बांध परियोजनाओं और जमीन से बेदखली के कारण आदिवासी आबादी का अनुपात घटा है. ऐसे में इसी घटे हुए अनुपात को आधार बनाकर आरक्षित सीटों में कटौती करना दोहरा अन्याय होगा. पहले आदिवासियों की जमीन और संसाधन छीने गए, अब उनके राजनीतिक प्रतिनिधित्व पर खतरा मंडरा रहा है.
 
लक्ष्मी नारायण मुंडा
  • बोले- जमीन के बाद अब राजनीतिक अधिकार छीनने की तैयारी

Ranchi: परिसीमन के जरिए लोकसभा सीटों में 50 प्रतिशत तक बढ़ोतरी के प्रस्ताव के बीच झारखंड में आदिवासी राजनीतिक प्रतिनिधित्व को लेकर बहस तेज हो गई है. सामाजिक कार्यकर्ता लक्ष्मी नारायण मुंडा ने कहा है कि परिसीमन केवल सीटों के बंटवारे का मामला नहीं है, बल्कि यह आदिवासी समाज की राजनीतिक भागीदारी और संवैधानिक अधिकारों से जुड़ा सवाल है. जनसंख्या के आधार पर सीटों का निर्धारण करते समय ऐतिहासिक विस्थापन और आदिवासी क्षेत्रों की बदलती जनसांख्यिकी को भी ध्यान में रखना जरूरी है.


मुंडा ने कहा कि झारखंड में खनन, औद्योगिकीकरण, बांध परियोजनाओं और जमीन से बेदखली के कारण आदिवासी आबादी का अनुपात घटा है. ऐसे में इसी घटे हुए अनुपात को आधार बनाकर आरक्षित सीटों में कटौती करना दोहरा अन्याय होगा. पहले आदिवासियों की जमीन और संसाधन छीने गए, अब उनके राजनीतिक प्रतिनिधित्व पर खतरा मंडरा रहा है.

 

2007 में भी उठ चुका है सीटें घटाने का मामला

उन्होंने बताया कि 2007 में परिसीमन आयोग ने 2001 की जनगणना के आधार पर झारखंड विधानसभा की एसटी आरक्षित सीटें 28 से घटाकर 22 कर दी थी. लोकसभा की सीटें 5 से घटाकर 4 करने का प्रस्ताव दिया था. इसका राज्यभर में विरोध हुआ था. जनजातीय सलाहकार परिषद और विभिन्न राजनीतिक दलों के विरोध के बाद 2008 में कानूनी प्रावधानों के जरिए यह व्यवस्था बेअसर कर दी गई. इसके बाद विधानसभा में 28 और लोकसभा में 5 एसटी आरक्षित सीटें बरकरार रहीं.

 

पांचवीं अनुसूची की भावना का ध्यान रखना जरूरी

मुंडा ने कहा कि झारखंड पांचवीं अनुसूची के अंतर्गत आता है. संविधान का अनुच्छेद 244, पेसा कानून, सीएनटी और एसपीटी एक्ट लागू है. आदिवासी समाज के अधिकारों और जमीन की सुरक्षा के लिए विशेष प्रावधान हैं. परिसीमन में इन संवैधानिक व्यवस्थाओं की अनदेखी नहीं होनी चाहिए. उन्होंने कहा कि मौजूदा एसटी आरक्षित सीटों का अनुपात बरकरार रखा जाए. कुल सीटें बढ़ने पर आदिवासी आरक्षित सीटों में भी उसी अनुपात में वृद्धि हो. 

 

इसके लिए अनुच्छेद 330(2) और 332(3) में आवश्यक संशोधन की जरूरत है. राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग से अनिवार्य परामर्श लिया जाए. मुंडा ने कहा कि झारखंड विधानसभा का विशेष सत्र बुलाकर इस मुद्दे पर प्रस्ताव पारित किया जाना चाहिए. सभी राजनीतिक दलों को एकजुट होकर आदिवासी प्रतिनिधित्व की रक्षा करनी चाहिए. उन्होंने चेतावनी दी कि 2007 की तरह सीटें घटाने की कोशिश हुई तो इसका पुरजोर विरोध किया जाएगा.

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

 

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही