Search

हेमंत को परेशान करना नहीं छोड़ा तो होगी आर्थिक नाकेबंदी

ईडी की कार्रवाई के खिलाफ झामुमो ने किया राजभवन मार्च, 5 जिलों के नेता-कार्यकर्ता हुए शामिल

Kaushal Anand Ranchi : मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को अगर परेशान करना नहीं छोड़ा गया, तो झारखंड में आर्थिक नाकेबंदी कर देंगे.एक भी खनिज राज्य से बाहर जाने नहीं देंगे. यह सरकार पूरी ईमानदारी से राज्य की जनता के विकास कार्य में जुटी है. मगर एक साजिश के तहत सरकार गठन के बाद से इस सरकार को अस्थिर करने का प्रयास किया जा रहा है. जब सरकार का बाल बांका नहीं कर सके, तो अब एक आदिवासी सीएम को निशाना एक साजिश के तहत बनाया जा रहा है. अगर केंद्र की भाजपा सरकार अगर नहीं सुधरती, तो झारखंड में भाजपा का सूपड़ा साफ कर देंगे, आगामी चुनाव में खाता भी नहीं खुलेगा. ये बातें झामुमो के नेताओं ने ईडी के कार्रवाई के खिलाफ रविवार को आयोजित राजभवन मार्च के दौरान कही. इससे पूर्व यह मार्च मोरहाबादी मैदान से निकाला गया जो रेडियम रोड, कचहरी चौक होते हुए राजभवन के पास पहुंचा जहां पर पहले से तैनात भारी संख्या में पुलिस बलों ने रोक दिया. इसके बाद झामुमो कार्यकर्ताओं ने वहीं पर जमकर प्रदर्शन, नारेबाजी की. राजभवन के समीप गुमला विधायक भूषण तिर्की, लातेहार विधायक वैद्यनाथ राम, रांची जिला अध्यक्ष मुश्ताक आलम सहित कई लोगों ने संबोधित किया. इन्होंने कहा कि ईडी ने बार - बार समन भेज कर मुख्यमंत्री को मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रही है. विकास में बाधा उत्पन्न कर रही है. यदि कोई बात थी, किसी तरह का प्रश्न था तो 20 जनवरी को क्यों नही पूछा गया. इससे साफ जाहिर होता है कि इनकी मंशा साफ नहीं है. कहीं न कहीं केंद्र सरकार के इसारे पर बेवजह परेशान करने, लोकतांत्रिक तरीके से चुनी हुई सरकार को अपदस्थ करने की साजिश है. इसी के विरोध में हम तमाम कार्यकर्ता सड़क पर हैं और लागातार सड़क पर रहेंगे. झारखंडी न तो कभी झुका है न कभी झुकेगा.

5 जिलों के कार्यकर्ता हुए शामिल, आज भी होगा प्रदर्शन

इस मार्च में रांची, कोडरमा, गुमला, लोहरदगा, लातेहार जिले के कार्यकर्ता शामिल हुए. सोमवार को भी राजभवन के समक्ष प्रदर्शन होगा. इसमें खूंटी, सिमडेगा,रामगढ़ आदि जिले के कार्यकर्ता शामिल होंगे. यह कार्यक्रम भी लगातार चलता रहेगा. रविवार को हुए कार्यक्रम में डॉ हेमलाल कुमार मेहता हेमू, वीरेंद्र पांडेय, मोजम्मिल अहमद, मोतीलाल शाहदेव, अश्विनी शर्मा कलाम आजाद, समनुर मंसुरी, अफरोज अंसारी, जनक नायक, बीरु साहू, कलाम आज़ाद, आदिल इमाम, सुजीत उपाध्याय, सुकुआ महतो, अरविंद सिंह देवल, डा तालकेश्वर महतो, आफताब आलम, अरुण वर्मा, मंटू लाला, अफरोज आलम, संजय राय, कैथरीना तिर्की, विश्वजीत भट्टाचार्य सहित कई शामिल हुए.

Comments

Leave a Comment

Follow us on WhatsApp