Ranchi : इटकी थाना क्षेत्र में दुर्गा पूजा को लेकर स्वच्छता अभियान चलाया गया. इस अभियान में पुलिस प्रशासन, शांति समिति के सदस्यों, नर्सिंग कॉलेज इटकी की छात्राओं, पेंशनर समाज के लोगों और विभिन्न समुदायों के प्रबुद्ध नागरिकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया.

सभी ने मिलकर इलाके में साफ-सफाई की
स्वच्छता अभियान का नेतृत्व बेड़ो पुलिस उपाधीक्षक व पुलिस निरीक्षक और इटकी बीडीओ व थाना प्रभारी शिव नारायण तिवारी ने किया. अभियान के तहत इटकी स्थित जगन्नाथ मंदिर से बनियाटोली हनुमान मंदिर तक सड़क की साफ-सफाई की गई. इस दौरान लोगों ने सामूहिक रूप से सफाई कर स्वच्छता का संदेश दिया.

जगन्नाथ मंदिर से बनियाटोली हनुमान मंदिर तक झाड़ू लगाया
अभियान का मुख्य उद्देश्य लोगों को अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने और आने वाले दुर्गा पूजा त्यौहारों के दौरान अपने आसपास के क्षेत्रों को साफ-सुथरा रखने के लिए प्रेरित करना था. पुलिस प्रशासन ने लोगों से दुर्गा पूजा के दौरान अपने घरों, गलियों, सड़कों और आसपास के सार्वजनिक स्थलों को साफ-सुथरा रखने को कहा.