Search

 
 
 

जम्मू-कश्मीर में सुरक्षाबलों ने 72 घंटों में अंसार गजवत-उल-हिंद, अल-बदर, लश्कर-ए-तैयबा के 12 आतंकी मार गिराये

 

 

NewDelhi :  जम्मू-कश्मीर में सुरक्षाबलों  72 घंटों में 12 आतंकी मार गिराये हैं. बता दें कि कश्मीर में  आतंकवादियों के खिलाफ शनिवार से शुरू किया गया सुरक्षाबलों का अभियान आज समाप्त हो गया. जिला शोपियां के चित्रीगाम व जिला अनंतनाग के बिजबिहाड़ा इलाकों में शनिवार से जारी मुठभेड़ आज रविवार को पांच आतंकियों के मारे जाने के साथ समाप्त हो गया. खबर है कि सुरक्षाबलों ने जिला शोपियां में अल-बदर के जिला कमांडर समेत तीन, जबकि बिजबिहाड़ा में दो आतंकवादियों को मार गिराया. शोपियां में मारे गये आतंकवादियों में 14 वर्षीय आतंकी भी शामिल था.

सुरक्षाबलों ने उनकी शहादत का बदला ले लिया

आइजीपी विजय कुमार ने बताया कि बिजबिहाड़ा में मारे गये दोनों आतंकियों ने ही गत दिनों टेरिटोरियल आर्मी के जवान मोहम्मद सलीम अखून को शहीद किया था. दो दिनों के भीतर ही सुरक्षाबलों ने उनकी शहादत का बदला ले लिया. मारे गये आतंकवादियों के शवों व उनसे बरामद हथियारों को अपने कब्जे में लेने के बाद सुरक्षाबलों ने दोनों ऑपरेशन के समाप्त होने की घोषणा की.

बता दें कि पिछले तीन दिनों में कश्मीर घाटी में आतंकवाद के खिलाफ अभियान चला रहे सुरक्षाबलों ने  12 आतंकियों को ढेर कर दिया है. इससे पूर्व जान मोहल्ला शोपियां में गुरुवार की शाम से शुक्रवार सुबह तक चली मुठभेड़ में पांच आतंकियों को मार गिराया गया था. इसी क्रम में नौबुग त्राल में शुक्रवार को हुई मुठभेड़ में दो, आज शोपियां में तीन व अनंतनाग में 2 आतंकियों को मार गिराया गया है.

आइजीपी कश्मीर विजय कुमार ने सुरक्षाबलों को बधाई दी

  डीजीपी दिलबाग सिंह ने 72 घंटे के भीतर चार अलग-अलग मुठभेड़ों में 12 आतंकियों के मारे जाने की पुष्टि करते हुए कहा कि आतंकी अंसार गजवत-उल-हिंद (एजीयूएच), अल-बदर, लश्कर-ए-तैयबा व द रजिस्टेंस फ्रंट के थे. आइजीपी कश्मीर विजय कुमार ने जम्मू-कश्मीर पुलिस व सुरक्षाबलों को इस सफलता के लिए बधाई दी है.

उन्होंने   कहा कि आतंकियों को बार-बार आत्मसमर्पण करने के लिए कहा गया .उन्हें मनाने के लिए उनके परिजनों की मदद भी ली गयी परंतु वे नहीं माने. उसके बाद शनिवार से जारी शोपियां के चित्रीगाम कलां मुठभेड़ के शुरू होने के एक घंटे के भीतर ही एक आतंकवादी को मार गिराया गया.

14 साल का आतंकी फैसल गुलजार गनई भी शामिल था

दो अन्य आतंकी भी सुरक्षाबलों के घेरे में थे. अंधेरा होने की वजह से आसपास रहने वाले लोगों की सुरक्षा को ध्यान में रखकर सुरक्षाबलों ने मुठभेड़ को सुबह होने तक टालने का निर्णय लिया. सुरक्षाबलों को पता चला कि घेराबंदी में फंसे हुए आतंकियों में एक 14 साल का आतंकी फैसल गुलजार गनई भी है.यह लड़का कुछ दिन पहले घर से भाग कर आतंकियों से जा मिला था. सुरक्षाबलों ने तुरंत उसके परिजनों को बुलाया और उसे साथियों सहित आत्मसमर्पण करने के लिए कहा. सैन्य सूत्रों का कहना है कि पहले तो फैसल आत्मसमर्पण करने के लिए तैयार हुआ परंतु उसके साथ मौजूद अलबदर कमांडर आसिफ शेख ने उसे ऐसा करने से रोक दिया.

आज तड़के एक बार फिर सुरक्षाबलों ने फैसल के परिजनों को उसे आत्मसमर्पण करने के लिए मनाने का मौका दिया परंतु इस बार फैसल ने ही इससे इनकार कर दिया. दोनों ओर से जारी गोलीबारी के बीच सुरक्षाबलों ने दोनों आतंकियों को ढेर कर दिया. मारे गए तीनों आतंकियों की पहचान अलबदर का जिला कमांडर आसिफ अहमद गनी  , 14 वर्षीय आतंकी फैसल गुलजार गनी और उबैद अहमद निवासी गनोवपोरा शोपियां के रूप में हुई है. हालांकि अधिकारिक तौर पर पुलिस ने पुष्टि नहीं की है.







 
Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही