- खगेन महतो ने ग्रहण की भाजपा की सदस्यता
- : बाबूलाल की मौजूदगी में कई नेताओं ने थामा पार्टी का दामन
Ranchi/Seraikela : सरायकेला के ईचागढ़ विधानसभा क्षेत्र के आजसू नेता खगेन महतो ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सदस्यता ग्रहण कर ली है. रांची स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित मिलन समारोह में उन्होंने नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी की मौजूदगी में पार्टी का दामन थामा. खगेन महतो ईचागढ़ से दो बार चुनाव भी लड़ चुके हैं.
खगेन महतो के साथ-साथ कुमकुम देवी, विमल बैठा (जमशेदपुर महानगर) और परिंदा सिंह (बोकारो) सहित कई अन्य नेताओं ने भी पार्टी की सदस्यता ली. इस अवसर पर पार्टी के सदस्यता प्रभारी राकेश प्रसाद, जिलाध्यक्ष हरिकृष्ण प्रधान और अन्य प्रमुख नेता भी मौजूद रहे. सभी ने नए सदस्यों का स्वागत करते हुए उनके अनुभवों का लाभ संगठन को मिलने की बात कही.

बाबूलाल मरांडी सहित कई नेता रहे मौजूद
बाबूलाल ने गिनवाईं मोदी सरकार की उपलब्धियां
मिलन समारोह को संबोधित करते हुए बाबूलाल मरांडी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार की उपलब्धियों पर विस्तार से चर्चा की. उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने अंत्योदय के संकल्प के साथ 81 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन, 12 करोड़ को शौचालय और 10 करोड़ से ज्यादा लोगों को उज्ज्वला गैस कनेक्शन जैसी सुविधाएं दी हैं. मरांडी ने अनुच्छेद 370 हटाने, अयोध्या में राम मंदिर निर्माण और तीन तलाक कानून जैसे ऐतिहासिक और असंभव माने जाने वाले कार्यों को पूरा करने का श्रेय भी प्रधानमंत्री मोदी को दिया.
'सेवा संकल्प अभियान' से जुड़ने का आह्वान
मरांडी ने कार्यकर्ताओं और नए सदस्यों से देश भर में चल रहे 'सेवा संकल्प अभियान' में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की. साथ ही उन्होंने 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लक्ष्य पर जोर देते हुए आगामी चुनावों में झारखंड में पूर्ण बहुमत के साथ भाजपा की मजबूत सरकार बनाने का संकल्प दोहराया.