Search

डॉक्टर ने युवती संग रिम्स के हॉस्टल की छत से लगाई छलांग, मौत

Ranchi :  राज्य के सबसे बड़े अस्पताल रिम्स के हॉस्टल नंबर-4 की छत से बीती रात एक डॉक्टर ने छलांग लगा दी. जानकारी के अनुसार, हॉस्टल के तीसरे तले से डॉक्टर आकाश और एक महिला ने छलांग लगायी. हादसे में डॉक्टर आकाश की मौत हो गयी. जबकि महिला डॉक्टर गंभीर रूप से घायल है. बताया जा रहा है कि आकाश पीजी सेकंड ईयर का छात्र था. घटना की सूचना पाकर बरियातू थाना की पुलिस घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जांच में जुट गयी है.

आनन-फानन में हॉस्टल के डॉक्टर इमरजेंसी ट्रॉमा सेंटर लेकर पहुंचे

डॉक्टर के कूदने की सूचना मिलने के बाद हॉस्टल में मौजूद अन्य जूनियर डॉक्टर दोनों को लेकर इमरजेंसी ट्रॉमा सेंटर पहुंचे. जहां डॉक्टर आकाश की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे सीपीआर (कार्डियोपल्मोनरी रिससिटेशन) दिया गया. इसके बाद उसे तीसरे तले में स्थित क्रिटिकल केयर विभाग ले जाया गया. वहां कुछ देर इलाज के बाद आकाश की मौत हो गयी. घायल महिला का इलाज रिम्स में जारी है. चिकित्सकों के अनुसार, एमआरआई के बाद महिला खतरे से बाहर है.

जूनियर डॉक्टरों ने बताया कि रिम्स की नहीं है युवती

रिम्स के जूनियर डॉक्टरों के अनुसार, डॉ आकाश के साथ छलांग लगाने वाली महिला रिम्स के बाहर की है. हालांकि, सभी एक-दूसरे से युवती के बारे में जानकारी लेते रहे, लेकिन कोई भी सही जानकारी नहीं दे पाया. चिकित्सकों ने बताया कि लंबे समय से दोनों के बीच प्रेम संबंध चल रहा था.

देर रात तक जूनियर डॉक्टर रहे मौजूद

घटना की सूचना मिलने के बाद रात 10:30 बजे जूनियर डॉक्टरों के बीच हलचल मच गयी. सभी एक-एक कर रिम्स इमरजेंसी ट्रॉमा सेंटर पहुंचने लगे. डॉक्टर आकाश की मौत की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में चिकित्सा कर्मचारी इमरजेंसी ट्रॉमा सेंटर के तीसरे तले में जुट गये. जूनियर डॉक्टरों के अलावा रिम्स का कोई भी अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा. वहीं बरियातू थाना की टीम देर रात तक अस्पताल परिसर में मौजूद रही.

आकाश को पुकारती रही युवती, उसे नहीं दी गयी मौत की जानकारी 

इलाज के दौरान महिला अपने बेड से आकाश का नाम लेकर उसे पुकारती रही. उसे आकाश के गंभीर होने की जानकारी थी, लेकिन उसकी मौत की सूचना उसे नहीं दी गयी थी. महिला का इलाज देर रात तक चला. उसका कंधा डिस्लोकेट हो गया है.

Comments

Leave a Comment

Follow us on WhatsApp