Ranchi : भारत और वेस्टइंडीज के बीच दूसरे टी-20 मैच के लिए जेएससीए (JSCA) इंटरनेशनल स्टेडियम के बाहर गहमागहमी तेज है. मैच से पहले स्टेडियम के आसपास का इलाका पूरी तरह से नीले रंग में रंगा नजर आ रहा है.

वैभव, श्रेयस, विराट व रोहित की जर्सी
सूर्यवंशी और श्रेयस की जर्सी की भारी डिमांड
स्टेडियम के बाहर फुटपाथों पर सजी दुकानों में भारतीय खिलाड़ियों की नीली जर्सी और तिरंगे की भारी मांग है. दर्शकों के बीच स्थानीय युवा खिलाड़ी वैभव सूर्यवंशी (नंबर 03) के साथ-साथ श्रेयस अय्यर (नंबर 96) की जर्सी का सबसे ज्यादा क्रेज दिख रहा है.

दर्शकों की सुविधा के लिए लगे हैं साइन बोर्ड
50 रुपये में जमा हो रहे बैग-हेलमेट
जेएससीए ने साफ कर दिया है कि गेट पर बैग या हेलमेट रखने की कोई आधिकारिक व्यवस्था नहीं होगी. मौके का फायदा उठाते हुए स्टेडियम के बाहर स्थानीय लोगों ने अस्थाई स्टॉल लगा दिए हैं, जहां दर्शकों से प्रति बैग और हेलमेट रखने के लिए 50 रुपये वसूले जा रहे हैं.

स्टेडियम के बाहर स्टॉल लगाकर जर्सी बेच रहे लोग
दोपहर 3 बजे से खुलेंगे प्रवेश द्वार
जेएससीए प्रबंधन के अनुसार, दर्शकों के प्रवेश के लिए स्टेडियम के गेट दोपहर 3 बजे से खोल दिए जाएंगे. बिना वैध टिकट के किसी को भी प्रवेश नहीं मिलेगा और बच्चों या नवजात शिशुओं के लिए भी टिकट अनिवार्य किया गया है.
इन सामानों पर है पूर्ण पाबंदी
सुरक्षा कारणों से स्टेडियम के भीतर पानी की बोतल, सिक्के, सिगरेट-लाइटर, हेलमेट, बैग, डीएसएलआर कैमरा और खाने-पीने का सामान ले जाने पर पूरी तरह प्रतिबंध है. नियमों के मुताबिक, दर्शकों को एक विंग से दूसरे विंग में जाने की अनुमति भी नहीं होगी.
कड़ा सुरक्षा घेरा और बैरिकेडिंग
मैच के मद्देनजर रांची पुलिस और सुरक्षा बलों की भारी तैनाती की गई है. एम.एस. धोनी पवेलियन, मीडिया बॉक्स और विभिन्न विंग्स की ओर जाने वाले रास्तों पर बैरिकेडिंग और स्पष्ट दिशा-सूचक बोर्ड लगाए गए हैं, ताकि हजारों दर्शकों को अपनी सीट तक पहुंचने में परेशानी न हो.