Sports Desk : ऑस्ट्रेलिया ने वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) का फाइनल जीत लिया है. कंगारुओं ने भारत को 209 रन से हराया दिया. मैच के आखिरी दिन भारत को 280 रन की जरूरत थी, भारतीय फैंस उम्मीद कर रहे थे कि कोहली और रहाणे की जोड़ी कुछ कमाल करेगी, मगर ऐसा नहीं हुआ. कोहली जल्द ही पवेलियन लौट गए. स्मिथ ने कोहली का जबरदस्त कैच पकड़ा. इसके बाद पूरी टीम जल्द ही पवेलियन लौट गई और टीम इंडिया फाइनल मुकाबले में 209 रनों से हार गई. इससे पहले टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए ऑस्ट्रेलिया ने पहली पारी में 469 रन बनाए. एक वक्त कंगारुओं ने 76 रन पर तीन विकेट गंवा दिए थे. इसके बाद ट्रेविस हेड और स्टीव स्मिथ ने 285 रन की साझेदारी कर टीम को मजबूत स्थिति में लाकर खड़ा कर दिया. ट्रेविस ने 163 रन और स्मिथ ने 121 रन की पारी खेली. वहीं, एलेक्स कैरी ने 48 रन बनाए. जवाब में भारत की पहली पारी 296 रन पर सिमट गई. हालांकि पहली पारी में टीम इंडिया ने जैसी शुरुआत की थी, वैसे 296 तक भी पहुंचना मुश्किल लग रहा था. एक वक्त टीम इंडिया ने 71 रन पर चार विकेट गंवा दिए थे और भारत पर फॉलोऑन का खतरा मंडराने लगा था. इसके बाद रवींद्र जडेजा ने 48 रन, अजिंक्य रहाणे ने 89 रन और शार्दुल ठाकुर ने 51 रन की पारी खेल भारत को फॉलोऑन से बचाया. पहली पारी में ऑस्ट्रेलिया को 173 रन की बढ़त मिली. दूसरी पारी में ऑस्ट्रेलिया ने आठ विकेट पर 270 रन बनाकर पारी घोषित कर दी. मार्नस लाबुशेन ने 41 रन, एलेक्स कैरी ने नाबाद 66 रन और मिचेल स्टार्क ने 41 रन की पारी खेली. टीम इंडिया को जीत के लिए 444 रनों का लक्ष्य मिला. जवाब में रोहित-शुभमन गिल ने टीम इंडिया को अच्छी शुरुआत दिलाई. दोनों ने 41 रन जोड़े. मगर शुभमन गिल 18 रन के स्कोर पर एक विवादित कैच आउट के शिकार बने. इसके बाद रोहित शर्मा और पुजारा ने पारी को संभाली और 51 रन की साझेदारी की. हालांकि लगातार दो ओवर में भारत ने रोहित और पुजारा दोनों के विकेट गंवा दिये. दोनों के आउट होते ही टीम इंडिया संकट में आ गई. कोहली और रहाणे से सबको बहुत उम्मीदें थी. चौथे दिन दोनों ने संभल-संभलकर बल्लेबाजी की. मगर पांचवे दिन के पहले ही सेशन में टीम इंडिया ऑल आउट हो गई.
तीन मैचों का होना चाहिए फाइनल : रोहित शर्मा
वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल मुकाबले के बाद रोहित ने विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के लिए बेस्ट ऑफ थ्री फाइनल को प्राथमिकता देने की बात कही. साथ ही दुनिया के हर कोने में फाइनल का आयोजन करने की सिफारिश की. रोहित ने कहा कि केवल इंग्लैंड में इसका आयोजन नहीं होना चाहिए.
ओलंपिक में गोल्ड जीतने का एक ही मौका मिलता है : कमिंस
वहीं रोहित के तीन मैचों की सीरीज वाले बयान पर ऑस्ट्रेलियाई कप्तान पैट कमिंस ने कहा कि ओलंपिक में गोल्ड मेडल जीतने के लिए बस एक मौका मिलता है. हालांकि ऐसा भी करना ठीक होगा. मुझे कोई दिक्कत नहीं है.
इसे भी पढ़ें : भारत">https://lagatar.in/indias-daughters-did-wonders-captured-the-junior-asia-hockey-cup/">भारत
की बेटियों ने किया कमालः जूनियर एशिया हॉकी कप पर जमाया कब्जा [wpse_comments_template]
Leave a Comment