Dhanbad News: धनबाद में युवाओं और महिलाओं को कौशल प्रशिक्षण देकर रोजगार से जोड़ने की दिशा में जिला प्रशासन ने पहल तेज कर दी है. गुरुवार को उप विकास आयुक्त सन्नी राज ने बीसीसीएल और आदित्य बिड़ला ग्रुप के प्रतिनिधियों के साथ 10 हजार वर्गफीट क्षेत्र में प्रस्तावित स्किल ट्रेनिंग एवं टेक्सटाइल सेंटर के लिए चिन्हित स्थलों का निरीक्षण किया.
निरीक्षण के दौरान करीब 10 हजार वर्गफीट में बने मौजूदा भवन की स्थिति, संरचनात्मक मजबूती और उपयोगिता का जायजा लिया गया. टीम ने यह भी देखा कि उपलब्ध भवन का किस तरह बेहतर इस्तेमाल कर अत्याधुनिक कौशल प्रशिक्षण केंद्र और टेक्सटाइल ट्रेनिंग-सह-आवासीय परिसर विकसित किया जा सकता है.
इसे भी पढ़ें:
डीडीसी सन्नी राज ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य धनबाद के युवाओं को कौशल विकास से जोड़कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है. इसके साथ ही बेलगड़िया टाउनशिप में पुनर्वासित बीसीसीएल के अग्नि-प्रभावित परिवारों के लिए स्थायी आजीविका के अवसर उपलब्ध कराना भी प्राथमिकता है.
प्रस्तावित केंद्र में युवाओं और महिलाओं को टेक्सटाइल उद्योग से जुड़े आधुनिक कौशल का प्रशिक्षण दिया जाएगा. प्रशिक्षण के बाद उन्हें रोजगार और स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने पर भी जोर रहेगा. इससे स्थानीय लोगों की आय बढ़ाने के साथ-साथ बेलगड़िया में पुनर्वासित परिवारों को आर्थिक रूप से मजबूत करने में मदद मिलेगी.
निरीक्षण के दौरान जिला परिषद के कार्यपालक अभियंता की मौजूदगी में भवन की तकनीकी स्थिति और कार्यात्मक उपयोगिता का भी आकलन किया गया. साथ ही इस बात पर मंथन हुआ कि भवन को सामाजिक कल्याण के साथ राजस्व अर्जन के स्थायी मॉडल के रूप में कैसे विकसित किया जा सकता है.
अब संयुक्त निरीक्षण दल की रिपोर्ट और तकनीकी आकलन के आधार पर आगे की कार्ययोजना तैयार की जाएगी. जिला प्रशासन, बीसीसीएल और आदित्य बिड़ला ग्रुप की इस संयुक्त पहल को स्थानीय युवाओं, महिलाओं और पुनर्वासित परिवारों के आर्थिक सशक्तीकरण से जोड़कर देखा जा रहा है.
निरीक्षण के दौरान डीएमएफटी के परियोजना प्रबंधक (आजीविका एवं कौशल विकास) अमर कुमार श्रीवास्तव, बीसीसीएल एवं आदित्य बिड़ला ग्रुप के प्रतिनिधि तथा जिला परिषद की टीम मौजूद रही.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

